फोरलेन निर्माण के लिए हटेगा संकटमोचन मंदिर, नए स्थल पर भूमिपूजन संपन्न
एस्टेट परिवार ने दी भूमि, 51 किलो लड्डू व खिचड़ी महाप्रसाद का हुआ वितरण, मंदिर निर्माण कार्य की रखी गई नीव
नितीश कुमार
कटिहार। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के फोरलेन निर्माण कार्य के कारण बस स्टैंड के समीप स्थित श्री श्री 108 संकटमोचन महावीर मंदिर को नए स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा। मंदिर के पुनर्निर्माण की दिशा में बुधवार को कुर्सेला दुर्गा मंदिर के समीप हाट परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ ध्वजा पूजन और भूमिपूजन संपन्न हुआ। मालूम हो कि एनएच-31 के चौड़ीकरण परियोजना के तहत मंदिर स्थल सड़क की जद में आ गया है।
प्रशासन की ओर से मंदिर समिति को मंदिर हटाने का नोटिस दिए जाने के बाद समिति एवं स्थानीय लोगों ने मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए वैकल्पिक भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह कुर्सेला एस्टेट परिवार से किया। इस पर एस्टेट परिवार ने दुर्गा मंदिर के समीप हाट परिसर में भूमि उपलब्ध कराई, जिससे मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया। भूमिपूजन समारोह में कुर्सेला एस्टेट परिवार के अद्वैत सिंह एवं उनकी पत्नी मुख्य यजमान बने।
उन्होंने वैदिक रीति-रिवाज से पूजा-अर्चना कर नए मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरा परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच 51 किलोग्राम लड्डू एवं खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर मंदिर समिति ने एस्टेट परिवार की ओर से उपस्थित पंकज सिंह को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने मंदिर निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने पर एस्टेट परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग की सराहना की।
ज्ञात हो की -
फोरलेन परियोजना के तहत एनएच-31 किनारे स्थित कई संरचनाएं हटाई जा रही हैं। ऐसे में संकटमोचन महावीर मंदिर के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने से श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है। नए स्थल पर मंदिर बनने के बाद नियमित पूजा-अर्चना पूर्ववत जारी रहेगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
