कांवड़ यात्रा को लेकर अम्बेडकरनगर में बड़ा ट्रैफिक प्लान लागू, कई मार्गों पर डायवर्जन व भारी वाहनों की नो-एंट्री
अम्बेडकरनगर। कांवड़ यात्रा, श्रावण मास के विभिन्न धार्मिक आयोजनों एवं मेलों को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देश पर जनपद में व्यापक यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस प्रशासन ने बताया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग-अलग तिथियों पर चरणबद्ध तरीके से डायवर्जन लागू रहेगा।
जारी निर्देशों के अनुसार, श्रावण मास के द्वितीय सोमवार 10 अगस्त 2026 तथा 11 अगस्त 2026 को श्रावण शिवरात्रि के अवसर पर यातायात डायवर्जन 8 अगस्त 2026 को प्रातः 8:00 बजे से 12 अगस्त 2026 को प्रातः 8:00 बजे अथवा भीड़ समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा।
इसी प्रकार 15 अगस्त 2026 को मणिपर्वत मेला (श्रावण झूला मेला प्रारंभ) तथा 17 अगस्त 2026 को श्रावण मास के तृतीय सोमवार एवं नाग पंचमी के अवसर पर 14 अगस्त 2026 को प्रातः 8:00 बजे से 17 अगस्त 2026 की रात्रि 11:00 बजे अथवा भीड़ समाप्त होने तक यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। इसके अलावा श्रावण मास के चतुर्थ एवं अंतिम सोमवार 24 अगस्त 2026 के अवसर पर 23 अगस्त 2026 को प्रातः 8:00 बजे से 24 अगस्त 2026 की रात्रि 11:00 बजे अथवा भीड़ समाप्ति तक डायवर्जन प्रभावी रहेगा। वहीं 28 अगस्त 2026 को श्रावण पूर्णिमा स्नान एवं मेला समापन के अवसर पर 27 अगस्त 2026 को प्रातः 8:00 बजे से 28 अगस्त 2026 की रात्रि 11:00 बजे अथवा भीड़ समाप्ति तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।
पुलिस द्वारा जारी डायवर्जन प्लान के अनुसार, जनपद अयोध्या की ओर से आने वाले हल्के वाहन यादव नगर से मिझौड़ा चौराहा होते हुए महरुआ के रास्ते अकबरपुर आएंगे और इसी मार्ग से वापस जाएंगे।
जनपद सुल्तानपुर से आने वाले भारी वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के कट संख्या 136, 161 एवं 183 से एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट किया जाएगा, जहां से वे अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे।
जनपद वाराणसी एवं जौनपुर से आने वाले भारी वाहनों को सूरहूरपुर से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के कट संख्या 183 के माध्यम से एक्सप्रेस-वे पर भेजा जाएगा। वहीं मालीपुर से अकबरपुर आने वाले भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
जनपद आजमगढ़ की ओर से आने वाले भारी वाहनों को न्यौरी टोल प्लाजा थाना कटका से डायवर्ट कर गोरखपुर लिंक पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भेजा जाएगा, जहां से वे अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। इसी प्रकार राजेसुल्तानपुर मार्ग से आने वाले भारी वाहनों को चोरमरा कट से गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट किया जाएगा।
संतकबीरनगर से बिड्हर घाट मार्ग के रास्ते आने वाले भारी वाहनों को बवाली चौक थाना जहागीरगंज से डायवर्ट कर चोरमरा कट थाना राजेसुल्तानपुर के रास्ते गोरखपुर लिंक पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भेजा जाएगा।
जनपद बस्ती से आने वाले भारी वाहनों को सम्हरिया चौराहा थाना अलीगंज से धर्मपुर इनामीपुर पुल थाना टांडा के नीचे उतारकर अरिया, अकबरपुर बाईपास होते हुए गोहन्ना चौराहे से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के कट संख्या 161 पर डायवर्ट किया जाएगा, जहां से वे अपने निर्धारित गंतव्य की ओर जाएंगे।
कानपुर एवं लखनऊ से गोरखपुर, बस्ती, संतकबीरनगर तथा आजमगढ़ की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे तथा गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के कट संख्या 136, 161 एवं 183 पर संबंधित थाना महरुआ, बेवाना एवं मालीपुर की पुलिस किसी भी भारी वाहन को नीचे उतरने नहीं देगी। इसी प्रकार गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे से जुड़े थाना जैतपुर, कटका एवं राजेसुल्तानपुर क्षेत्र में भी भारी वाहनों को कटों से नीचे उतरने की अनुमति नहीं होगी।
अकबरपुर नगर क्षेत्र में मालीपुर रोड बाईपास, जलालपुर रोड बाईपास, बसखारी रोड स्थित न्यौतरिया बाईपास, टांडा रोड स्थित कटरिया याकूबपुर बाईपास, महरुआ रोड स्थित भीखारीपुर बाईपास, दोस्तपुर रोड स्थित गोहन्ना चौराहा बाईपास तथा फैजाबाद रोड स्थित फायर स्टेशन के पास नो-एंट्री लागू रहेगी और यहां से यातायात डायवर्ट किया जाएगा।
थाना अलीगंज क्षेत्र के सम्हरिया चौराहा से सेवा गंज बैरियर होते हुए अयोध्या जाने वाले वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसी प्रकार तहसील तिराहा अकबरपुर से यादव नगर होते हुए अयोध्या जाने वाले वाहनों तथा पहतीपुर तिराहा से श्रवण क्षेत्र होते हुए अन्नावा तिराहा के रास्ते अयोध्या जाने वाले वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा।
अकबरपुर शहर के हल्के वाहनों को तहसील तिराहा से डायवर्ट कर शहजादपुर, गोहन्ना, महरुआ एवं मिझौड़ा चौराहा होते हुए यादव नगर के रास्ते अयोध्या भेजा जाएगा। वहीं बसखारी, जलालपुर एवं मालीपुर से आने वाले हल्के वाहन अकबरपुर बाईपास का उपयोग करते हुए गोहन्ना, महरुआ और मिझौड़ा चौराहा के रास्ते यादव नगर होकर अयोध्या जाएंगे।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि डायवर्जन व्यवस्था के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा पुलिस एवं यातायात कर्मियों द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन कर प्रशासन का सहयोग करें, जिससे कांवड़ यात्रा और श्रावण मास के सभी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सकें।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
