मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत रविदास के चौखट पर टेका मत्था
—सीरगोवर्धनपुर स्थित संत शिरोमणि की जन्मस्थली में संत रविदास मन्दिर प्रबंधन ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया
वाराणसी। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तत्वावधान में बुधवार से आयोजित राष्ट्रव्यापी 'श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान' में शामिल होने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी पहुंचे। संत रविदास की जन्मस्थली, सीर गोवर्धनपुर में कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने संत रविदास मंदिर में उनकी प्रतिमा के समक्ष मत्था टेककर दर्शन-पूजन किया। यहां मंदिर प्रबंधन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का सरोपा और गुलदस्ता देकर स्वागत किया। मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने डेरा सच्चखंड बल्लां के प्रमुख संत निरंजन दास से मुलाकात की और उनका आर्शीवाद लिया।
मंदिर में दर्शन -पूजन के बाद मुख्यमंत्री समरसता संकल्प अभियान में शामिल हुए। इस अभियान के तहत संत रविदास जी की पावन जन्मभूमि की मिट्टी 131 कलशों में भरकर उत्तर प्रदेश के 98 संगठनात्मक जिलों तथा देश के 27 राज्यों एवं छह जोनों के लिए रवाना की जाएगी। इन कलशों का पूजन कर संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस आयोजन के तहत विभिन्न कार्यक्रमों की शृंखला 20 फरवरी 2027 माघी पूर्णिमा संत रविदास जयंती तक चलेगी।
भाजपा अनुसूचित वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य के अनुसार अभियान के तहत कई चरणों में कार्यक्रम आयोजित होंगे। 29 जुलाई से 10 सितंबर 2026 तक 'श्री गुरु रविदास महाराज कलश वंदन अभियान' राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर तक चलेगा। वहीं, 29 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक संत संपर्क अभियान आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक 'श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा' जालंधर से काशी तक निकाली जाएगी। यह यात्रा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी। इसके अतिरिक्त 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक 'श्री गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान' चलाया जाएगा।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
