गुरु पूर्णिमा पर 2000 पौधे वितरित कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
प्रतापगढ़। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को रानीगंज स्थित पूरे बसहूँ में ॐ सद्गुरु दत्तात्रेय सेवा संस्थान के बैनर तले पर्यावरण सेना प्रमुख ग्रीनमैन अजय क्रांतिकारी के नेतृत्व में पौधा वितरण एवं पर्यावरण चेतना कार्यक्रम का आयोजन कर लोगों को पेड़ लगाने के साथ ही पेड़ों को बचाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे भूमि संरक्षण अधिकारी चमन सिंह ने लोगों को पर्यावरण बचाने के लिए जल जंगल और जमीन को बचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा पेड़ लगाकर उनको बचाने का भी इंतजाम करना चाहिए।उन्होंने धरती को जीने लायक बनाए रखने हेतु प्राकृतिक खेती एवं जैविक खाद के प्रयोग पर बल दिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता के रूप में पर्यावरण सेना प्रमुख अजय क्रांतिकारी ने कहा कि पर्यावरण बचाना सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। पर्यावरण बचाने की सोच के साथ हमें हर दिन की शुरुआत करनी चाहिए। उन्होंने ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसी समस्या से धरती को मुक्त करने के लिए पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली अपनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जहां पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में एक पेड़ मां के नाम लगाया जा रहा है वहीं हम सभी को चाहिए की दिखावट से दूर अपने जन्मदिन को हरित जन्मदिन के रूप में मनाते हुए एक-एक पौधा लगाए और उसे वृक्ष बनाएं। कार्यक्रम में पधारे खंड विकास अधिकारी शिवगढ़ संजय नारायण झा ने अपनी छोटी-छोटी आदतों को पर्यावरण के अनुकूल बनाकर पर्यावरण की रक्षा में सहयोग देने का आह्वान किया।उन्होंने जल संरक्षण के लिए बरसात की हर एक बूंद का संचयन करने पर जोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ओम सद्गुरु दत्तात्रेय सेवा संस्थान के अध्यक्ष सद्गुरु श्री लक्ष्मीकांत तिवारी ने उपस्थित सभी भक्तजनों को सेवा परमो धर्मः का संदेश देते हुए जनसेवा में जुटने का आदेश दिया। उन्होंने कहा भारतीय परंपरा पर्यावरण के अनुकूल जीवन जीने की सीख देती है। उन्होंने प्लास्टिक का त्याग करते हुए पर्यावरण के अनुकूल कागज और कपड़े के थैलों के प्रयोग पर बल दिया।सद्गुरु के कर कमलों से 2000 से अधिक
आम,अमरूद,महुआ,कटहल,नीम,जामुन,करौंदा,सहजन आदि पौधों का गुरु प्रसाद के रूप में वितरण किया गया।
कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी डॉक्टर राम सुंदर प्रजापति ने किया। इस मौके पर संस्थान के सचिव आजाद जी,संतोष तिवारी,आलोक आजाद,राम मिलन तिवारी,राम अभिलाष पांडेय एवं तमाम भक्तजन मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ब्रजेश त्रिपाठी को पत्रकारिता क्षेत्र में 35 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने समाचार लेखन और संपादन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के व्यूरो प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं।
