ग्राम बरहूपुर में अवैध मेडिकल स्टोर पर बड़ी कार्रवाई, रूपये 58 हजार की दवाएं जब्त
प्रतापगढ़। औषधि निरीक्षक खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन शिव कुमार नायक ने बताया है कि जिलाधिकारी के निर्देशन में गोपनीय तरीके से सूचना प्राप्त कर तथा सहायक आयुक्त औषधि प्रयागराज मण्डल प्रयगाराज द्वारा कार्यवाही हेतु नामित औषधि निरीक्षक फतेहपुर संजय दत्त के साथ दिनांक 28 जुलाई 2026 को ग्राम बरहूपुर थाना पट्टी क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी की गयी। मौके पर बिना नाम से संचालित मेडिकल स्टोर खुला पाया गया जिसकी जाँच के दौरान अवैध पाये जाने के कारण नियमानुसार सीज कर दिया गया।
फर्म का संचालक-प्रदीप कुमार सरोज पुत्र अमर पाल निवासी सुलतानपुर मौके पर उपस्थित रहे। फर्म से लगभग 58000 रूपये की औषधियां जब्त की गयी। मौके पर एक संदिग्ध औषधि का नमूना जाँच/विश्लेषण हेतु एकत्र किया गया। विवेचना पूर्ण होने एवं जाँच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरान्त नियमानुसार सक्षम न्यायालय में वाद दायर किया जायेगा। छापेमारी की सूचना मिलते ही क्षेत्र में संचालित अन्य औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया और कई प्रतिष्ठान तत्काल बंद कर दिए गए। मुख्यालय द्वारा दिये गये निर्देश के क्रम में जनपद में संचालित ऐसे सभी अवैध मेडिकल स्टोर पर मुख्यालय एवं मण्डलीय कार्यालय द्वारा टीम गठित कराकर नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी। औषधि विभाग ने जिले के समस्त थोक औषधि विक्रेताओं को भी चेतावनी देते हुए निर्देशित किया है कि बिना वैध लाइसेंस वाले मेडिकल स्टोरों को किसी भी प्रकार की औषधियों की आपूर्ति न करें। यदि किसी थोक विक्रेता द्वारा अवैध प्रतिष्ठानों को दवा की आपूर्ति किए जाने की पुष्टि होती है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ब्रजेश त्रिपाठी को पत्रकारिता क्षेत्र में 35 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने समाचार लेखन और संपादन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के व्यूरो प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं।
