कांवड़ यात्रा की तैयारियों का अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन ने लिया जायजा
प्रतापगढ़। बुधवार को अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन, प्रयागराज ज्योति नारायन द्वारा पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के साथ थाना सांगीपुर क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बाबा घुईसरनाथ धाम पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लालगंज श्री राजीव द्विवेदी एवं थाना सांगीपुर के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
तत्पश्चात आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत मेला क्षेत्र एवं मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी यातायात प्रबंधन, महिला सुरक्षा, निरंतर गश्त, संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएं।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाए तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ब्रजेश त्रिपाठी को पत्रकारिता क्षेत्र में 35 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने समाचार लेखन और संपादन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के व्यूरो प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं।
