संत कबीर नगर, पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना* के निर्देशन में थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश पाण्डेय द्वारा गुरु पूर्णिमा के पावन एवं प्रेरणादायी अवसर पर *सामुदायिक पुलिसिंग* के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आर.पी. विद्यापीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं प्रवीण राय, विवेक कुमार, शिवम विश्वकर्मा, कविता, अर्पिता मौर्या, आकांक्षा त्रिपाठी से संवाद स्थापित कर उनके उज्ज्वल भविष्य, नैतिक मूल्यों, अनुशासन, शिक्षा के महत्व तथा समाज निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम द्वारा मेधावी विद्यार्थियों का फूल-माला पहनाकर एवं लड्डू खिलाकर सम्मान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के श्रेष्ठ नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी, वैज्ञानिक, शिक्षक एवं राष्ट्रनिर्माता बनेंगे। यदि युवाओं के मन में अनुशासन, ईमानदारी, सेवा और राष्ट्रप्रेम के संस्कार विकसित होंगे तो समाज स्वतः सुरक्षित, सशक्त और समृद्ध बनेगा।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति, कानून के प्रति सम्मान तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के विषय में भी जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें यह संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में पुलिस सदैव उनकी मित्र एवं सहयोगी के रूप में उनके साथ खड़ी है।
महुली पुलिस ने कहा कि आने वाले समय में पुलिस और जनता के बीच विश्वास, संवाद और सहयोग को और अधिक मजबूत बनाने के लिए ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे, जिससे नई पीढ़ी में कानून के प्रति सम्मान, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित हो सके।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने महुली पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रेरणादायी कार्यक्रम पुलिस और समाज के बीच की दूरी को कम करते हैं तथा युवाओं में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना का विकास करते हैं।