मदर एंड चाइल्ड रेफरल हॉस्पिटल में मनाया गया विश्व ओआरएस दिवस
— विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के मध्यम से किया जागरूक
लखनऊ। डॉ.राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. सीएम. सिंह के मार्गदर्शन में बुधवार को बाल रोग विभाग एवं सामुदायिक चिकित्सा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विश्व ओआरएस दिवस के अवसर पर जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रो. डॉ. दीप्ति अग्रवाल, विभागाध्यक्ष, बाल रोग विभाग द्वारा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया गया। इसके उपरांत डॉ. पीयूष उपाध्याय ने विश्व ओआरएस दिवस की पृष्ठभूमि पर विस्तृत जानकारी दी। जन जागरूकता को प्रभावी बनाने के लिए एमबीबीएस विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें अतिसार की रोकथाम, स्वच्छता एवं ओआरएस के सही उपयोग का संदेश सरल एवं प्रभावी ढंग से दिया गया।

इसके पश्चात प्रतिभागियों के लिए जागरूकता प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई, जिसका संचालन डॉ. अनामिका चंद्रा, सहायक आचार्य एवं डॉ. विदुषी वर्मा, वरिष्ठ रेजिडेंट, सामुदायिक चिकित्सा विभाग द्वारा किया गया। सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार प्रदान किए गए।कार्यक्रम के समापन पर नुक्कड़ नाटक में प्रतिभाग करने वाले एमबीबीएस विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन बाल रोग विभाग एवं सामुदायिक चिकित्सा विभाग के संकाय सदस्यों, रेजिडेंट चिकित्सकों एमबीबीएस विद्यार्थियों, मेडिकल सोशल वर्कर के सहयोग से संपन्न हुआ। यह आयोजन अतिसार की रोकथाम एवं उपचार के प्रति जनसामान्य में जागरूकता बढ़ाने तथा बच्चों में होने वाली रोके जा सकने वाली मृत्यु एवं जटिलताओं को कम करने की दिशा में अत्यंत सफल एवं प्रभावी सिद्ध हुआ। प्रो. डॉ. श्रीकेश सिंह, चिकित्सा अधीक्षक, प्रो. डॉ. एस. डी. कांडपाल,प्रो. डॉ. दीप्ति अग्रवाल, विभागाध्यक्ष, बाल रोग विभाग, विभागाध्यक्ष, सामुदायिक चिकित्सा विभाग, डॉ. संजय त्रिपाठी, लखनऊ एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने अतिसार की रोकथाम, सुरक्षित पेयजल, स्वच्छता तथा प्रत्येक अतिसार प्रकरण में ओआरएस एवं जिंक के उपयोग की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
