तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत, भतीजा गंभीर घायल
कानपुर। नरवल थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया तो वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पड़ताल में जुट गई है।
अखरी गांव निवासी रामकुमार (63) अपने भतीजे शिव नारायण के साथ बाइक से फतेहपुर जिले के खुमानखेड़ा गांव जा रहे थे। दोनों मिर्च की बेड़ लेने के लिए निकले थे। इसी दौरान नरवल थाना क्षेत्र में मिर्जई गेट के पास सिकठिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सरकारी वाहन से दोनों को सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रामकुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शिव नारायण की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
नरवल थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया गया है। चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
