घायल पुजारी को सुनसान जगह छोड़ने के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, इलाज न मिलने से हुई थी मौत
लखनऊ। राजधानी के गोमतीनगर क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद घायल पुजारी को उपचार कराने के बहाने सुनसान स्थान पर छोड़ने के चर्चित मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक बाल अपचारी को पहले ही विधिक प्रावधानों के तहत संरक्षण में लिया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, 22 जून 2026 को सिद्धकामेश्वर मंदिर, विरामखंड-2 के प्रधान पुजारी धृष्टद्युम्न शरण मिश्र ने थाना गोमतीनगर में तहरीर देकर बताया था कि मंदिर में सहयोगी पुजारी के रूप में सेवा दे रहे देवकुमार दुबे, निवासी चंदौका, थाना भीटी, जनपद अंबेडकर नगर, को यूपी-51-बीपी-7011 नंबर की एक थार वाहन ने टक्कर मार दी थी।
आरोप है कि वाहन में सवार लोगों ने घायल देवकुमार को इलाज कराने का भरोसा देकर अपने वाहन में बैठा लिया। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर परिजनों और मंदिर प्रबंधन को भ्रामक जानकारी देकर गुमराह किया।
तहरीर के आधार पर थाना गोमतीनगर में मु.अ.सं. 250/2026 के तहत धारा 281, 125(बी), 240 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले में धारा 3(5), 105 और 238 बीएनएस भी बढ़ाई गईं।
जांच में सामने आया कि विरामखंड-1 स्थित देवा पैलेस के पास आरोपियों ने अपनी थार वाहन को लापरवाही से बैक करते समय देवकुमार दुबे को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी और एक बाल अपचारी उन्हें इलाज के नाम पर वाहन में बैठाकर इंदिरानगर सेक्टर-19 ले गए और वहां सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गए। समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण देवकुमार दुबे की मौत हो गई।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने 2 जुलाई 2026 की रात मुखबिर की सूचना पर विवेकखंड, गोमतीनगर से विकास यादव (20 वर्ष) पुत्र संतोष कुमार यादव, निवासी 2/728 विवेकखंड, गोमतीनगर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में इससे पहले 22 जून 2026 को तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि एक बाल अपचारी को विधिक प्रक्रिया के तहत संरक्षण में लिया गया था। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
