रहीमाबाद में गोली चलने की सूचना निकली अफवाह, दो युवकों के विवाद के बाद बाइक फिसलने से हुआ हादसा
लखनऊ। राजधानी के रहीमाबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सोशल मीडिया पर गोली चलने की सूचना वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रहीमाबाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे मामले की गहन जांच की। जांच में गोली चलने की बात पूरी तरह भ्रामक और असत्य पाई गई।
पुलिस के अनुसार, थाना रहीमाबाद क्षेत्र के गहदो गांव स्थित पाण्डेय खेड़ा के पास विवेक पाठक, पुत्र रामशंकर पाठक निवासी ग्राम सिसवारा, और मो. समीर, पुत्र मो. हबीब निवासी ग्राम गहदो, के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी।
ये खबर भी पढ़े : दूसरे दिन सख्त पहरे में हुई यूपी-टीईटी परीक्षा-2026, परीक्षा केंद्रों पर कड़े इंतजामबताया गया कि विवाद के बाद विवेक पाठक अपनी मोटरसाइकिल से वहां से निकलने लगा, जबकि मो. समीर चार पहिया वाहन से उसका पीछा करने लगा। इसी दौरान विवेक पाठक की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई, जिससे उसे चोटें आईं।
घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सभी तथ्यों की जांच की। जांच के दौरान गोली चलने के कोई साक्ष्य नहीं मिले। मौके से न तो कोई खोखा बरामद हुआ और न ही ऐसा कोई अन्य प्रमाण मिला, जिससे फायरिंग की पुष्टि हो सके। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित गोली चलने की सूचना पूरी तरह भ्रामक और निराधार है।
पुलिस दोनों पक्षों को थाने बुलाकर उनकी तहरीर प्राप्त कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्राप्त तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपुष्ट एवं भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें और ऐसी अफवाहों को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
