सफाई न होने से नाराज किसान यूनियन के सदस्य लाठी डंडा लेकर नगर निगम मुख्यालय पहुंचे
लखनऊ। नगर निगम मुख्यालय में किसान संगठन के लोग लाठी-डंडा लेकर पहुंचे। लोगों ने नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि गांव की जमीन भी ले ली और अब काम भी नहीं करने दे रहे हैं। रोजगार के तौर पर पशु पालने का काम करते हैं, लेकिन नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी पशु जब्त कर लेते हैं।
मौके पर भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रीयता वादिता अराजनैतिक के लोगों ने अपर नगर आयुक्त नम्रता सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा है। किसानों का आरोप है कि ट्रांस गोमती का एक बड़ा इलाका नगर निगम सीमा में शामिल हो गया है लेकिन नगर निगम के अफसर ऐसे क्षेत्रों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। यहां सड़क, पानी और बिजली तक की सुविधा नहीं है। इसके बावजूद नगर निगम हाउस टैक्स से लेकर अन्य जलकल का बिल वसूलना शुरू कर दिया है। किसानों ने चेतावनी दी कि, अगर विकास कार्य अन्य वार्ड की तरह विस्तारित क्षेत्र में नहीं शुरू होता है तो मजबूरन किसानों को बड़ा आंदोलन करना होगा।
भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रवादी के प्रदेश महासचिव आलोक यादव ने बताया कि, नगर निगम सीमा में चिनहट, भरवारा मल्हौर, तिवारीगंज सहित अन्य क्षेत्र शामिल हो गए हैं। लेकिन इन क्षेत्र की बदहाल सड़क का हाल पूछने वाला कोई नहीं है। बरसात में सड़क चलने लायक तक नहीं रह गई है। एलडीए ने हमारी जमीन ले ली है,लेकिन अब नगर निगम सफाई तक नहीं करवा रहा। सड़क के अलावा पानी की लाइन तक ज्यादातर क्षेत्रों में नहीं बिछाई गई है।
अगर स्ट्रीट लाइट की बात करे तो जब खंभे ही नहीं लगाए गए हैं तो रोशनी कहां से होगी। इन सभी मुद्दों को लेकर किसानों ने मुख्यालय पर धरना दिया। किसानों की भीड़ को देखते हुए मौके पर पुलिस को भी बुला लिया गया। काफी देर तक हंगामे के बाद किसानों ने अपना धरना खत्म कर दिया। फिलहाल जल्द अगर विकास कार्य शुरू नहीं होता है तो बड़ा धरना देने की चेतावनी दी है। मालती ने बताया कि झाड़ू तक नहीं लगाई जाती।
एलडीए ने हमारा खेत ले लिया गया। बोला गया था कि नौकरी दुकान और मुआवजा मिलेगा,लेकिन कुछ नहीं हुआ है। दुकानें भी नहीं दी गई हैं,अब बच्चे क्या भूखे मरेंगे। हमारी समस्याओं का समाधान होना चाहिए। नहीं तो हम आए दिन पीछे नहीं हटेंगे। उदयंत ने कहा कि सड़क खराब है कीचड़ में आओ,वहीं से जाओ। भरवारा गांव में कोई आता जाता नहीं है। राधा ने कहा कि नगर निगम सुनवाई नहीं कर रहा है। कोई साफ-सफाई नहीं हो रहा है। सीवर, लाइट सब खराब पड़ा हुआ है। कोई सुनने वाला नहीं है।
टिप्पणियां