डेढ़ हाथ जमीन के विवाद में मासूम की हत्या, मां पर भी किया हमला
शहनूर अली
निघासन-खीरी,05 जून(तरुणमित्र)। डेढ़ हाथ जमीन के पुराने विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। थाना निघासन क्षेत्र के तारानगर गांव में देर रात हुई दिल दहला देने वाली घटना में चारपाई पर सो रहे आठ वर्षीय मासूम की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई, जबकि उसे बचाने का प्रयास कर रही मां भी घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार तारानगर निवासी रवि (8 वर्ष) पुत्र रामप्रसाद अपनी मां ज्ञानवती के बगल में चारपाई पर सो रहा था।
आरोप है कि रात करीब एक बजे मुंह बांधे हुए दो लोग घर में घुस आए और सो रहे बच्चे की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बच्चे को बचाने के दौरान मां ज्ञानवती के कंधे पर भी चोट आई।
बच्चे की मां ने आरोप लगाया है कि हमलावर सियाराम और हरेराम थे, जो रिश्ते में बच्चे के पिता के चचेरे भाई बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच कुछ समय से डेढ़ हाथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल महिला का उपचार सीएचसी निघासन में कराया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक बच्चे के पिता रामप्रसाद की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है, जिससे परिवार पहले से ही परेशानियों का सामना कर रहा था।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपितों की तलाश में पुलिस जुट गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय देवांश सिंह खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
