प्राथमिक शिक्षक संघ ने समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर डीएम, बीएसए को सौंपा ज्ञापन
भीषण गर्मी मे सुबह और शाम को कराया जाय जनगणना का कार्य
बस्ती - शुक्रवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला सह-संयोजक विजय प्रकाश चौधरी के नेतृत्व में शिक्षकों के एक प्रतिनिधि मंडल ने शिक्षकों की प्रमुख समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा ।ज्ञापन में मांग किया गया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश में शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशकों द्वारा जनगणना का कार्य किया जा रहा है। शासन द्वारा मकान सूचीकरण की अंतिम तिथि 20 जून 2026 निर्धारित की गई है तथा यह निर्देश भी दिया गया है कि धूप और हीटवेव से बचते हुए सुबह एवं शाम के समय जनगणना कार्य किया जाए। इसके बावजूद तहसील स्तर एवं खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से बार-बार फोन कर कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है, जिससे शिक्षक मानसिक तनाव में हैं। जल्दबाजी के कारण आँकड़ों की गुणवत्ता भी प्रभावित हो सकती है।
जिला सह संयोजक विजय प्रकाश चौधरी व राम भरत वर्मा ने कहा कि आए दिन शिक्षक इस भीषण गर्मी में जनगणना कार्य के दौरान बीमार पड़ रहे है। ऐसे में इस तरह उन पर दबाव डालना कत्तई उचित नहीं है।शिक्षकों ने मांग की कि शिक्षकों के प्रति सद्भावना रखते हुए शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने का अवसर प्रदान करें तथा ग्रीष्मावकाश में किए गए कार्य के बदले उपार्जित अवकाश स्वीकृत किया जाय।
ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से ज्ञान दास कनौजिया , इंद्रसेन मिश्रा,अजय कुमार चौधरी , गिरजा शंकर चौधरी , गंगा प्रसाद कनौजिया, सुभाष चौधरी , राम बचन एवं रमेश चौधरी सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
