विश्व पर्यावरण दिवस पर एबीवीपी की साइकिल यात्रा, प्लास्टिक मुक्त व स्वच्छ नगर का दिया संदेश
कौशाम्बी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की मंझनपुर नगर इकाई द्वारा विकासार्थ विद्यार्थी (एसएफडी) के माध्यम से जागरूकता साइकिल यात्रा निकाली गई। यात्रा में परिषद के सैकड़ों छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर नगरवासियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त समाज का संदेश दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना जितेंद्र सोनकर एवं एबीवीपी के जिला प्रमुख प्रो. प्रमोद श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर किया।
साइकिल यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छता बनाए रखने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का आह्वान किया।छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना जितेंद्र सोनकर ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो समाज के विभिन्न मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। कपड़े अथवा जूट के बैग का उपयोग, सिंगल यूज प्लास्टिक से परहेज तथा प्लास्टिक के पुनर्चक्रण जैसे छोटे-छोटे प्रयास पर्यावरण संरक्षण में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को बचाने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है।जिला संयोजक शिवांशु शुक्ला ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ज्ञान, शील और एकता के मंत्र के साथ कार्य करने वाला संगठन है, जो निष्पक्ष भाव से समाजहित में कार्य करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में पेड़-पौधों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए वृक्षों की कटाई रोकना समय की आवश्यकता है।उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर यमुना नदी में हो रहे कथित अवैध खनन का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि अवैध खनन से जनजीवन प्रभावित होने के साथ पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। इसे तत्काल रोका जाना चाहिए, ताकि पर्यावरणीय संतुलन कायम रह सके।इस अवसर पर जिला प्रमुख प्रो. प्रमोद श्रीवास्तव, जिला संगठन मंत्री अश्वनी सिंह, प्रांत एसएफडी संयोजक सुशील सोनकर, नगर मंत्री दीपक राजपूत, नगर अध्यक्ष हर्ष कुमार, तहसील संयोजक चायल प्रशांत मणि पाण्डेय, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य गौरव मिश्रा, अभिराज सिंह, तहसील संयोजक सिराथू आनंद सिंह पटेल, तहसील सह संयोजक पवन भट्ट, अखिलेश कश्यप सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
