निघासन-खीरी,20 सितम्बर(तरुणमित्र)। मझगई थाना क्षेत्र के मुन्ना पुरवा गांव में रविवार सुबह खेत में भरे बाढ़ के पानी में डूबने से 45 वर्षीय किसान की मौत हो गई। किसान घर से करीब 300 मीटर दूर मछली पकड़ने के लिए खेत में जाल लगाने गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद उसका शव खेत में भरे पानी में उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान राम खेलावन पुत्र बृजलाल, निवासी मुन्ना पुरवा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक राम खेलावन रविवार सुबह गांव निवासी मिही लाल के खेत में भरे बाढ़ के पानी में मछली पकड़ने के लिए जाल लगाने गया था। काफी समय बीतने के बाद भी उसके वापस न लौटने पर परिवार के लोग चिंतित हो गए। ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान खेत में भरे पानी में उसका शव उतराता दिखाई दिया।
मृतक का परिवार में पत्नी निर्मला देवी और बच्चों में संजना (12), शालू (14), साहनी (10), आदर्श (8) व गर्जना (6) को छोड़ गया है। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाई शतीश ने बताया कि राम खेलावन सुबह मछली पकड़ने के लिए खेत में जाल लगाने गया था। इसी दौरान पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। मझगई थाना प्रभारी सुनील मलिक ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार राम खेलावन मछली पकड़ने के लिए खेत में जाल लगा रहा था, तभी पानी में डूब गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।