पन्ना में किसान को मिला 4.70 कैरेट का जेम्स क्वालिटी हीरा
पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक बार फिर किसानों की किस्मत चमक उठी है। पन्ना के पटी क्षेत्र की खदान में बद्री पटेल और उनके पांच साथियों को 4.70 कैरेट का जेम्स क्वालिटी का हीरा मिला है। हीरे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
पन्ना की धरती को हीरों के लिए जाना जाता है और यहां अक्सर मेहनत करने वाले लोगों की किस्मत एक चमकते हीरे के साथ बदल जाती है। ऐसा ही कुछ पटी क्षेत्र की खदान में देखने को मिला।
बद्री पटेल और उनके पांच साथियों ने करीब 15-20 दिन पहले खदान में खुदाई का काम शुरू किया था। लगातार मेहनत के बाद उनकी नजर एक चमकदार पत्थर पर पड़ी।
जांच के बाद उसके हीरा होने की पुष्टि हुई तो सभी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सामने आया कि यह 4.70 कैरेट का जेम्स क्वालिटी का हीरा है।
हीरा मिलने के बाद बद्री पटेल शुक्रवार को अपने साथियों के साथ इसे लेकर हीरा कार्यालय पहुंचे और नियमानुसार हीरा जमा कराया। बद्री पटेल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास था कि भगवान की कृपा से एक दिन उनकी मेहनत जरूर रंग लाएगी।
अब सभी की नजर आगामी नीलामी पर है, जहां हीरे की बिक्री के बाद मिलने वाली रकम को साझेदार आपस में तय हिस्सेदारी के अनुसार बांटेंगे।
पट्टाधारक बद्री पटेल ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ 10 साल से ज्यादा समय से हीरा खदान में काम कर रहे हैं। इस दौरान उन्हें सफलता नहीं मिली।
इस बार बद्री पटेल ने राम चंद्र दुबे, रतन यादव, राम गोपाल पटेल, पहलवान ओटल और भीकम पटेल के साथ पटी क्षेत्र में नई खदान शुरू की थी। यहां 15 दिन की खुदाई के बाद उन्हें हीरा मिला।
हीरा पारखी अनुपम सिंह के मुताबिक, 4.87 कैरेट का हीरा जेम्स क्वालिटी का है। इसे आगामी नीलामी में रखा जाएगा। नीलामी से मिलने वाली रकम में सरकारी रॉयल्टी काटने के बाद बची राशि पट्टाधारक और उनके साथियों के खातों में जमा की जाएगी।
बच्चों की शादी और पक्का मकान बनाएंगे
हीरा जमा कराने पहुंचे साथियों ने बताया कि नीलामी से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल अलग-अलग जरूरतों के लिए करेंगे।
कुछ साथी पक्का मकान बनवाना चाहते हैं, जबकि कुछ बच्चों और बेटियों की शादी में रकम खर्च करेंगे। बद्री पटेल ने हीरा मिलने का श्रेय भगवान जुगल किशोर की कृपा को दिया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
