रील बनाने के दौरान चट्टान से फिसलने से वॉटरफॉल में डूबा छात्र
गहरे पानी में गिरने के बाद लापता
कोडरमा। जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध वृंदाहा वॉटरफॉल में बुधवार को नहाने के दौरान एक 14 वर्षीय छात्र गहरे पानी में डूब गया।
घटना के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन देर शाम तक शव बरामद नहीं हो सका।
बारिश तेज होने के कारण रेस्क्यू अभियान में भी परेशानी आई। गुरुवार को गोताखोरों की मदद से शव की तलाश दोबारा किए जाने की बात कही गई है। मृतक की पहचान बिहार के जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र सागर कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, जहानाबाद स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान के संचालक करीब छह बच्चों को लेकर पिकनिक मनाने वृंदाहा वॉटरफॉल पहुंचे थे। सभी बच्चे वाटरफॉल के समीप नहा रहे थे। इसी दौरान सागर एक चट्टान पर चढ़कर नहाने के साथ रील बना रहा था।
अचानक उसका पैर फिसल गया और वह चट्टान के नीचे स्थित गहरे पानी में जा गिरा। सागर के पानी में डूबते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तिलैया पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से छात्र की तलाश शुरू कराई।
तलाशी अभियान के दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे पानी का बहाव बढ़ गया और रेस्क्यू अभियान प्रभावित हुआ।
काफी प्रयास के बावजूद छात्र का पता नहीं चल सका। पुलिस के अनुसार, गुरुवार को गोताखोरों की मदद से गहरे पानी में सागर की तलाश की जाएगी।
वृंदाहा वॉटरफॉल में चट्टानों के आसपास कई स्थानों पर गहरा पानी और खाई है। जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से पर्यटकों को लगातार खतरनाक स्थानों के करीब नहीं जाने की चेतावनी दी जाती है।
इसके बावजूद पर्यटक चट्टानों पर चढ़कर सेल्फी और रील बनाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में कई बार हादसे हो चुके हैं। सागर की तलाश जारी है। गोताखोरों के पहुंचने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्र का शव कब तक बरामद किया जा सकता है।

संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
