सिरमौर में दर्दनाक सड़क हादसा, 150 फीट गहरी खाई में गिरी कार; तीन की मौत
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू की
- हादसा सराहां अस्पताल के पास तीखे मोड़ पर हुआ।
- कार पैराफिट तोड़ते हुए खाई में जा गिरी।
- हादसे में रीना शर्मा, अधिकारी जेटली और उर्मिल जेटली की मौत हुई।
नाहन। जिला सिरमौर के सराहां क्षेत्र में रविवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं सहित 3 की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हुआ है।
हादसा नाहन-कुमारहट्टी-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर सराहां अस्पताल के समीप हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार कार सराहां अस्पताल के नीचे एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पैराफिट को तोड़ते हुए खाई में लुढ़क गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पच्छाद पुलिस मौके पर पहुंची और अंधेरे में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस के अनुसार कार में चार लोग सवार थे। हादसे में 48 वर्षीय रीना शर्मा पत्नी रामलाल शर्मा निवासी घरगौण पलाशो और 65 वर्षीय अधिकारी जेटली पुत्र रमाकांत निवासी सराहां की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं 60 वर्षीय उर्मिल जेटली पत्नी अधिकारी जेटली ने रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि 33 वर्षीय यशस्वी जेटली गंभीर रूप से घायल है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन रेफर किया गया है।
पुलिस ने तीनों मृतकों के शव शवगृह में रखवाए हैं। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। डीएसपी राजगढ़ वी.सी. नेगी ने हादसे में तीन लोगों की मौत और एक के घायल होने की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, एसडीएम पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्र ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये और घायल को 5 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
