हिमाचल में बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट, चार जिलों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी

हिमाचल में बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट, चार जिलों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी

शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मानसून कहर बरपा सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आगामी दिनों में बहुत भारी वर्षा के अलर्ट जारी किए हैं। छह जुलाई को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में बहुत भारी वर्षा का रेड अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा मंडी, कांगड़ा, चम्बा और सिरमौर जिलों में अगले 24 घंटे के भीतर फ्लैश फ्लड का खतरा जताया गया है।

मौसम विभाग ने आज पांच जुलाई को येलो व ऑरेंज अलर्ट, छह जुलाई को तीन जिलों में रेड अलर्ट और शेष में ऑरेंज अलर्ट, सात व आठ जुलाई को ऑरेंज अलर्ट और नौ से 11 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी किया है। छह व सात जुलाई के बीच बारिश की तीव्रता सबसे अधिक रहने की संभावना है। विभाग ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने को कहा है।

पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई। जोगिन्दरनगर (मंडी) में सबसे अधिक 52 मिमी बारिश, नाहन और पालमपुर में 29-29 मिमी, पांवटा साहिब में 21 मिमी, ऊना में 18 मिमी और बिलासपुर के बरठीं में 17 मिमी वर्षा हुई।

इस बीच कोलडैम प्रशासन ने आज पूर्वान्ह 11:00 बजे से डैम से अतिरिक्त पानी छोड़ने की घोषणा की है। इससे नदी का जलस्तर 4 से 5 मीटर तक बढ़ सकता है, ऐसे में लोगों को चेताया गया है कि वे नदी-नालों के पास न जाएं और पूरी सतर्कता बरतें।

बता दें कि राज्य में 20 जून से 4 जुलाई के बीच भारी बारिश, भूस्खलन और बादल फटने की घटनाओं में 69 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 37 लोग अभी भी लापता हैं। मंडी जिला सबसे अधिक प्रभावित है। यहां 30 जून की रात आई त्रासदी में 14 लोगों की मौत और 31 लोग लापता हुए हैं। मंडी के सिराज विधानसभा क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सेना की टीमें राहत कार्यों में जुटी हैं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक शनिवार सुबह तक प्रदेश में 261 सड़कें भूस्खलन से अवरुद्ध, 300 ट्रांसफार्मर ठप और 281 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। अकेले मंडी जिले में ही 176 सड़कों, 290 ट्रांसफार्मर और 278 जल योजनाओं पर असर पड़ा है।

राज्य सरकार ने मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर आम लोगों, विशेषकर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के निवासियों और पर्यटकों से अत्यधिक सतर्कता बरतने, भूस्खलन सम्भावित इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

About The Author

अपनी टिप्पणियां पोस्ट करें

टिप्पणियां

Latest News

सिरसा: दलित विरोधी नीतियों को बढ़ावा दे रही सरकार: कृष्ण जमालपुर सिरसा: दलित विरोधी नीतियों को बढ़ावा दे रही सरकार: कृष्ण जमालपुर
सिरसा। बहुजन समाज पार्टी हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष कृष्ण जमालपुर ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि आजादी के 75...
सोनीपत में 40 साल बाद हटेंगे कब्जे, गिराई जाएंगी 17 दुकानें
मंडी के आपदा प्रभावित इलाकों में एक हज़ार राशन किटें भेजेगी भाजपा : राजीव बिंदल
विक्रांत ठाकुर ने संभाला अधीक्षक ग्रेड-2 का कार्यभार
थाना सांगीपुर पुलिस द्वारा जघन्य हत्या का 24 घण्टे में किया गया खुलासा व अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार
सीआरसी सुंदरनगर में विशेष शिक्षा पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन करें आवेदन
दिल्ली विश्वविद्यालय में स्नातक प्रवेश 2025-26 के लिए अलॉटमेंट-कम-एडमिशन शेड्यूल जारी