उदंती पहुंचा पैसिफिक गोल्डन प्लोवर, तय किया 13 हजार किमी सफर
जैव विविधता में जुड़ा नया अध्याय
धमतरी। हजारों किलोमीटर की लंबी मौसमी यात्रा कर प्रवासी पक्षी पैसिफिक गोल्डन प्लोवर उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व पहुंचा है।
दक्षिण उदंती परिक्षेत्र में वन विभाग के नियमित गश्ती दल ने 26 अगस्त को इस दुर्लभ प्रवासी पक्षी की मौजूदगी दर्ज करते हुए उसका फोटो रिकार्ड किया। रिजर्व क्षेत्र में इस पक्षी की उपस्थिति को जैव विविधता की दृष्टि से महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
पैसिफिक गोल्डन प्लोवर की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के जलस्रोत, नदी तट, उथले जल क्षेत्र, घासभूमियां और आसपास के खुले प्राकृतिक आवास प्रवासी पक्षियों के लिए अनुकूल पड़ाव के रूप में विकसित हो रहे हैं। आकार में अपेक्षाकृत छोटा यह पक्षी अपनी असाधारण प्रवास यात्रा के लिए जाना जाता है।
यह मुख्यतः उत्तरी एशिया और अलास्का के आर्कटिक एवं उप-आर्कटिक क्षेत्रों में प्रजनन करता है तथा मौसम में बदलाव के साथ गर्म क्षेत्रों की ओर लंबी दूरी तय करता है।
कुछ पक्षी प्रवास के दौरान 13 हजार किलोमीटर से भी अधिक दूरी तय करते हैं। इतनी लंबी यात्रा के दौरान नदी तट, आर्द्रभूमि, उथले जल क्षेत्र और घासभूमियां इनके लिए भोजन जुटाने तथा विश्राम करने के महत्वपूर्ण पड़ाव बनते हैं।
ऐसे में पैसिफिक गोल्डन प्लोवर का उदंती क्षेत्र में पहुंचना यहां के प्राकृतिक आवासों की समृद्धता और प्रवासी पक्षियों के लिए उनकी उपयोगिता को रेखांकित करता है।
वन विभाग के गश्ती दल द्वारा दर्ज किया गया यह रिकार्ड रिजर्व की समृद्ध जैव विविधता में एक नया अध्याय जोड़ने के साथ ही क्षेत्र में प्रवासी पक्षियों की आवाजाही को समझने के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
