प्रेम विवाह के तीन महीने बाद दर्दनाक अंत, रेलवे ट्रैक पर मिला नवविवाहिता का शव
किशनगंज। सदर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता का शव रेलवे ट्रैक से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान खगड़ा वार्ड संख्या 31 निवासी जूही बेगम के रूप में हुई है।
घटना खगड़ा तीन नंबर रेलवे फाटक के समीप हुई। मामले को लेकर मृतका के परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जूही बेगम ने करीब तीन महीने पहले खगड़ा वार्ड संख्या 2 निवासी तनवीर आलम से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों किराए के मकान में रह रहे थे।
परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही जूही को प्रताड़ित किया जाने लगा था। शनिवार को स्थानीय वार्ड पार्षद प्रतिनिधि शमशुल हुदा ने बताया कि शुक्रवार को मृतका के ससुराल पक्ष के लोग उसे जबरन मायके छोड़ गए थे।
इस दौरान पति तनवीर आलम का मोबाइल भी बंद था। बाद में स्थानीय लोगों की पहल पर तनवीर अपनी पत्नी को लेने खगड़ा स्थित उसके मायके पहुंचा। इसके बाद जूही उसके साथ घर से निकली, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला।
शमशुल हुदा ने आशंका जताई कि जूही की मौत हादसा नहीं, बल्कि हत्या का मामला हो सकता है। उनका आरोप है कि पति ने ही उसे ट्रेन के आगे धक्का दिया, जिससे उसकी मौत हुई। वहीं, मृतका के पिता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के बाद से ही दामाद पांच लाख रुपये दहेज की मांग कर रहा था।
मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सदर थाना पुलिस और रेल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
