गोरखपुर के एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद बने आईपीएस
पिपिंग सेरेमनी में डीजीपी राजीव कृष्ण ने लगाया रैंक
गोरखपुर(तेजपाल सिंह की रिपोर्ट )। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय, गोमती नगर विस्तार में शुक्रवार 3 जुलाई 2026 को आयोजित पिपिंग सेरेमनी में प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) से भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नत अधिकारियों को रैंक प्रदान किया गया। इस दौरान पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने 1999 बैच के अधिकारी ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद को आईपीएस रैंक लगाकर सम्मानित किया।
ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद वर्तमान में गोरखपुर में एसपी नार्थ (अपर पुलिस अधीक्षक) के पद पर तैनात हैं। उन्होंने नवंबर 2025 में इस पद का कार्यभार ग्रहण किया था और तब से लगातार कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग को लेकर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
अपने सेवा काल के दौरान उन्होंने गोरखपुर के अलावा गाजीपुर और इटावा जनपदों में भी विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर तैनात रहकर कार्य किया है। इन जनपदों में रहते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने में उल्लेखनीय योगदान दिया।
ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद को एक तेजतर्रार और फील्ड में सक्रिय अधिकारी के रूप में जाना जाता है। उनकी कार्यशैली में सख्ती के साथ-साथ जनसुनवाई और त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाती रही है, जिससे आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।
पिपिंग सेरेमनी के दौरान डीजीपी राजीव कृष्ण ने पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस सेवा अत्यंत जिम्मेदारी भरा कार्य है और हर अधिकारी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करना चाहिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का भी आह्वान किया।
समारोह के उपरांत पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट कर नई जिम्मेदारियों के निर्वहन को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 33 वर्षों का अनुभव रखने वाले संजय श्रीवास्तव वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के गोरखपुर ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय और प्रशासनिक मुद्दों पर ज़मीनी रिपोर्टिंग के साथ वह निरंतर समाचार कवरेज करते हैं।
