सख्त पहरे में हुई यूपी-टीईटी परीक्षा-2026, परीक्षा केंद्रों पर कड़े इंतजाम
डीएम ने लिया परीक्षा केंद्रों का जायजा,सकुशल संपन्न हुई परीक्षा,डीएम ने दी बधाई
ललित वर्मा
लखीमपुर-खीरी 04 जुलाई(तरुणमित्र)। उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित उप्र शिक्षक पात्रता परीक्षा के अंतिम दिन शुक्रवार को एक पाली में जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और सख्त निगरानी के बीच शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई। इस दौरान दोनों पालियों में बुलाए गए 5161 में से 4746 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए जबकि 415 ने गैर हाजिर रहकर परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा को सकुशल बनाने के लिए डीएम, एसपी, आयोग से नामित प्रेक्षक, एडीएम, एएसपी समेत परीक्षा केंद्र मजिस्ट्रेट सतत भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों का जायजा लेते रहे। वही परीक्षा केंद्र मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों पर मुस्तैद रहे। परीक्षा के दौरान जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं, जिससे परीक्षार्थियों को निर्बाध और निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिला।
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने परीक्षा में भ्रमणशील रहकर जनपद खीरी में स्थित परीक्षा केंद्रों गुरुनानक इंटर कॉलेज, युवराज दत्त महाविद्यालय सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर परीक्षा को सकुशल एवं शुचितापूर्ण सम्पन्न कराने जरूरी निर्देश दिए। डीएम ने परीक्षार्थियों हेतु भौतिक सुविधाओं/सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए सीसीटीवी कैमरों को चैक किया व संबंधित को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
वही आयोग से नामित पर्यवेक्षक सेवानिवृत्त आईएएस राम केवल और डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र ने यूपी-टीईटी परीक्षा-2026 परीक्षा में भ्रमणशील रहकर विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक, परीक्षा केंद्र मजिस्ट्रेट को परीक्षा में आयोग के शत प्रतिशत निर्देशों के अनुपालन के निर्देश दिए। वही परीक्षा केंद्र मजिस्ट्रेट ने भी अपने परीक्षा केंद्र पर सतर्क दृष्टि रखते हुए पूरी परीक्षा को सकुशल संपन्न कराया।
सकुशल संपन्न हुई परीक्षा, डीएम ने दी बधाई
जिले के 15 केंद्रों पर संचालित उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित उप्र शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 शांतिपूर्ण, नकल विहीन, सकुशल, व्यवस्थित एवं निर्विघ्न संपन्न होने पर जहां एक और प्रशासन ने राहत की सांस ली। वहीं डीएम अंजनी कुमार सिंह ने परीक्षा को संपन्न कराने में अहम किरदार निभाने वाले परीक्षा के नोडल अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं कार्मिको को शुभकामनाएं दी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
