अनूपपुर: 108 एंबुलेंस चालकों की हड़ताल, मानदेय और प्रताड़ना के आरोपों से सेवाएं ठप
अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में शनिवार को मानदेय न मिलने से नराज 108 एंबुलेंस सेवा के चालकों ने अचानक काम बंद कर हड़ताल कर दी।
जिला चिकित्सालय के सामने लगभग 24 एंबुलेंस खड़ी कर चालकों ने मरीजों को ले जाने से मना कर दिया। जबकि प्रबंधन के कहने पर बेहद गंभीर मरीजों को आपातकालीन सेवा दी गई। वहीं आश्वासन के बाद सभी चालक अपने वाहनों के साथ काम पर लौट आए और सेवाएं बहाल कर दी गईं।
हड़ताल पर बैठे चालकों का आरोप है कि उन्हें हर महीने 7 तारीख को मानदेय नहीं मिलता है। पूरा महीना काम करने के बाद भी वेतन काटकर 10 हजार रुपए या उससे कम दिए जाते हैं।
गाड़ियों की मरम्मत न कराने और शिकायत करने पर डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (डीएम) रजनीश द्वारा भोपाल ट्रांसफर करने की धमकी दी जाती है।
डीएम को लगाई फटकार
एंबुलेंस सेवा ठप होने की खबर मिलते ही सीएमएचओ डॉ. अलका तिवारी और वरिष्ठ मेडिकल ऑफिसर डॉ. एस.सी. राय मौके पर पहुंचे और चालकों की शिकायतें लिखित में लेकर डीएम रजनीश को कड़ी फटकार लगाई और व्यवस्था सुधारने की चेतावनी दी।
इसके साथ ही सीएमएचओ ने चालकों को व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए सीधे खुद से जोड़ लिया। स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मिले निष्पक्ष कार्रवाई के आश्वासन के बाद चालकों का गुस्सा शांत हुआ।
दोपहर बाद सभी चालक अपने वाहनों के साथ काम पर लौट आए और सेवाएं बहाल कर दी गईं। इस पूरे घटनाक्रम के कारण जिले में करीब चार घंटे तक एंबुलेंस व्यवस्था प्रभावित रही।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अलका तिवारी ने बताया कि 108 एम्बुलेंस चालकों की अपने विभाग से कुछ नाराजगी थी जिसे दूर कर दिया गया है। सभी चालक अपने कार्य पर लौट आए हैं।

संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
