अग्नि सुरक्षा को लेकर सीएफओ ने की व्यापार मंडल संग बैठक, सुरक्षा संबंधी दी जानकारी
व्यापारियों को दिए बचाव के टिप्स
लखनऊ। शनिवार को आग से बचाव और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बैठक हुई। लाटूश रोड स्थित व्यापार मंडल कार्यालय में अग्नि सुरक्षा जागरूकता संवाद हुआ कार्यक्रम की अध्यक्षता व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने की। इसमें होटल, रेस्टोरेंट और विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से जुड़े बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल रहे। इस दौरान चौक अग्निशमन विभाग के पुष्पेंद्र यादव ने आग लगने की घटनाओं से बचाव, अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने अग्निशमन यंत्रों का लाइव डेमो देकर आग बुझाने की तकनीक का प्रशिक्षण भी दिया। व्यापारियों ने सुरक्षा संबंधी सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया।
अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा कि व्यापारी वर्ग अपने प्रतिष्ठानों, कर्मचारियों और करोड़ों रुपये की संपत्ति की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को सुरक्षा मानकों के पालन के लिए पर्याप्त समय और प्रशासन का सहयोग मिलना चाहिए। इस पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने भरोसा दिलाया कि विभाग सुरक्षा मानकों को पूरा करने के लिए व्यापारियों को पूरा सहयोग देगा और आवश्यक समय भी उपलब्ध कराया जाएगा। व्यापार मंडल के वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा ने कहा कि अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन प्रत्येक व्यापारी की जिम्मेदारी है।
नियमित प्रशिक्षण और जागरूकता से आग की घटनाओं में होने वाले नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है । वहीं राजेंद्र कुमार अग्रवाल ने सभी प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच और रखरखाव पर जोर दिया।
अनिल विरमानी ने कहा कि प्रशासन और व्यापारी संगठनों के बेहतर समन्वय से ही सुरक्षित व्यापारिक वातावरण तैयार किया जा सकता है। कार्यक्रम में राजेंद्र कुमार अग्रवाल, पवन मनोचा, सुहेल हैदर अली, देवेंद्र गुप्ता, मनीष गुप्ता, सतीश अग्रवाल, और मुस्तकीम समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
