पीजीआई क्षेत्र में दो पक्षों के बीच मारपीट, घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, हत्या का मुकदमा दर्ज
लखनऊ। राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच हुए आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल 27 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान एसजीपीजीआई ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमें गठित कर दी हैं।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई को करीब शाम 4 बजे थाना पीजीआई क्षेत्र के ग्राम जगतखेड़ा में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें अभिषेक रावत (27 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय विनोद रावत गंभीर रूप से घायल हो गए। अभिषेक की माता पुष्पा उर्फ छवि रावत ग्राम जगतखेड़ा की निवासी हैं।घटना के तुरंत बाद अभिषेक को उपचार के लिए एसजीपीजीआई ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
गोली लगने की खबर का पुलिस ने किया खंडन
घटना के बाद सोशल मीडिया पर यह खबर प्रसारित होने लगी कि अखिलेश रावत नामक युवक को गोली लगी है और उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया है। इस पर पुलिस ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि प्रारंभिक जांच और मेडिकल परीक्षण में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने लोगों से अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करने की अपील की है।
मां की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज
मृतक की माता पुष्पा उर्फ छवि रावत की तहरीर के आधार पर थाना पीजीआई में मु.अ.सं. 354/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 191(3), 190 एवं 103(1) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।मामले में अखिलेश रावत, अमन रावत, राधे, अरुण रावत, सचिन रावत, अपीन लोधी, राजू तथा अन्य लोगों को नामजद किया गया है।
पांच पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं
पुलिस ने बताया कि नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और घटना के सफल अनावरण के लिए पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। सभी टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है और जांच के आधार पर आगे आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
