एनबीटी उत्सव में बोले रक्षा मंत्री, बदली सोच तो बदल गई भारत के प्रति दुनिया की नजर
बारह वर्षों में सेमीकंडक्टर, रक्षा, मोबाइल और निर्यात क्षेत्रों में दर्ज हुई ऐतिहासिक प्रगति
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने केवल विकास की नई इबारत ही नहीं लिखी, बल्कि अपनी सोच और कार्यशैली में भी ऐतिहासिक बदलाव किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज उस मुकाम पर पहुंच गया है, जहां दुनिया अब यह नहीं पूछती कि भारत कोई काम कर पाएगा या नहीं, बल्कि यह जानना चाहती है कि भारत उसे कब तक पूरा करेगा।
शनिवार को 'एनबीटी उत्सव-2026' को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि वर्ष 2021 में जब भारत सेमीकंडक्टर मिशन शुरू किया गया था, तब कई विशेषज्ञों ने इसकी सफलता पर सवाल उठाए थे। इसके बावजूद सरकार अपने संकल्प पर कायम रही और प्लग-एंड-प्ले मॉडल पर सेमीकंडक्टर पार्क विकसित किए। परिणामस्वरूप देश अब स्वदेशी सेमीकंडक्टर चिप बनाने में सफल हो चुका है।
ये खबर भी पढ़े : उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार बस ने कार को मारी टक्कर, 5 की मौत, 20 से अधिक घायलउन्होंने कहा कि 2014 में शुरू किए गए 'मेक इन इंडिया' अभियान को भी विपक्ष ने विफल बताया था, लेकिन आज वही पहल भारत की औद्योगिक प्रगति की पहचान बन गई है। मोबाइल निर्माण का कारोबार 18 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर करीब 5.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि मोबाइल निर्यात 2.6 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच चुका है।
रक्षा मंत्री ने बताया कि ऑटोमोबाइल निर्यात भी दोगुने से अधिक बढ़कर 1.20 लाख करोड़ रुपये सालाना हो गया है। भारत अब 100 से अधिक देशों को इलेक्ट्रिक वाहन निर्यात कर रहा है और स्वदेशी हाई हॉर्सपावर लोकोमोटिव विकसित करने वाले चुनिंदा देशों में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में भी देश ने बड़ी छलांग लगाई है। वर्ष 2026 में रक्षा उत्पादन 1.78 लाख करोड़ रुपये और रक्षा निर्यात 38 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। उनके अनुसार, 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद भारतीय रक्षा उपकरणों की विश्वसनीयता और बढ़ी है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि अनुच्छेद-370 हटाने, यूपीआई, स्वदेशी 5जी और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे फैसलों ने नए भारत की तस्वीर बदली है। उन्होंने कहा कि आज सरकार केवल योजनाओं का शिलान्यास नहीं करती, बल्कि उन्हें समय पर पूरा कर जनता को समर्पित भी करती है। यही बदली हुई कार्यसंस्कृति और आत्मविश्वास नए भारत की सबसे बड़ी पहचान है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
