ममता की मुस्कान लौटाने में सफल रही महुली पुलिस
टीमवर्क से 15 किलोमीटर दूर सकुशल मिला 09 वर्षीय मासूम
संत कबीर नगर, पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना* के कुशल निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण एवं जन-सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना महुली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता एवं मानवीय सरोकार का उत्कृष्ट परिचय देते हुए एक 09 वर्षीय लापता बालक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया।
*घटना का विवरण :* थाना महुली क्षेत्र के ग्राम रामुपुर से एक 09 वर्षीय बालक के अचानक लापता होने की सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया तथा बिना विलंब खोज अभियान प्रारंभ कर दिया गया।
पुलिस टीम ने गांव एवं आसपास के जंगलों, खेतों, संपर्क मार्गों तथा सुनसान स्थानों पर सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया। पुलिस की तत्परता और सेवा-भाव से प्रेरित होकर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी खोज अभियान में शामिल हुए और पुलिस के साथ मिलकर लगातार तलाश करते रहे।
लगातार कई घंटों की अथक मेहनत, सूझबूझ एवं प्रभावी टीमवर्क के परिणामस्वरूप पुलिस टीम ने बालक को उसके गांव से लगभग 15 किलोमीटर दूर ग्राम महादेव क्षेत्र के पास सकुशल बरामद कर लिया। बालक पूर्णतः सुरक्षित एवं स्वस्थ पाया गया।
जैसे ही पुलिस टीम मासूम को लेकर गांव पहुंची, परिजनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। पूरे गांव में राहत और खुशी का वातावरण व्याप्त हो गया। पीड़ित परिवार एवं ग्रामीणों ने महुली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और कर्तव्यपरायणता की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए पूरी पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।
यह कार्रवाई इस बात का प्रमाण है कि पुलिस और जनता के बीच समन्वय एवं विश्वास किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में सकारात्मक परिणाम सुनिश्चित कर सकता है।
*जनसंदेशः जनता का विश्वास ही पुलिस का मुख्य प्रयास है। किसी भी आपात स्थिति अथवा अप्रिय घटना की सूचना तत्काल अपने निकटतम थाने या आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर पर दें। आपकी सुरक्षा एवं सहायता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।*
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में पाँच वर्षों का अनुभव रखने वाले दयानिधि त्रिपाठी वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के संत कबीर नगर ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
