मां-बेटी की मौत केस में नया मोड़, पुलिस को मिले अहम साक्ष्य; फोरेंसिक जांच जारी
धर्मशाला। पुलिस जिला नूरपुर के तहत ज्वाली पुलिस थाना क्षेत्र के गांव घेली में बीते दिन मां, बेटी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस की जांच जारी है। उक्त मामले में मृतक शकुंतला देवी एवं उनकी पुत्री प्रिया की संदिग्ध मृत्यु के संबंध में की जा रही. जांच के क्रम में शनिवार को पुलिस द्वारा घटनास्थल एवं उसके आसपास के क्षेत्र का पुनः गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस को घटनास्थल से कोई भी विषैला पदार्थ, रासायनिक पदार्थ, दवा की शीशी अथवा अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई। इस दौरान डीएसपी जवाली द्वारा भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर तथ्यों का सत्यापन किया गया।
एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि जांच के दौरान एक गवाह द्वारा मृतकों से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण सामग्री पुलिस के समक्ष प्रस्तुत की गई, जिसे नियमानुसार जब्ती मेमो के माध्यम से कब्जे में लिया गया है।
उक्त सामग्री में एक हस्तलिखित पत्र, मृतका की हस्तलिपि वाला नोटबुक, एक मोबाइल फोन तथा अन्य आवश्यक भौतिक साक्ष्य शामिल हैं। दोनों मृतकों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं विसरा सुरक्षित रूप से प्राप्त किए जा रहे हैं।
समस्त साक्ष्य, मोबाइल फोन तथा अन्य संबंधित सामग्री को वैज्ञानिक परीक्षण एवं विशेषज्ञ राय हेतु आरएफएसएल धर्मशाला भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
वर्तमान में मामले में धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही जारी है। फोरेंसिक जांच रिपोर्ट एवं अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
