बंद घरों में चोरी करने वाले शातिर आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने किया भंडाफोड़
लखनऊ। बिजनौर पुलिस और सर्विलांस सेल जोन दक्षिणी की संयुक्त टीम ने बंद घरों में चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से भारी मात्रा में चोरी के सोने-चांदी के गहने और 1320 रुपये बरामद किए हैं। इससे चोरी की दो घटनाओं का खुलासा हुआ है।
पहला मामला बिजनौर के औरंगाबाद जागीर स्थित रॉयल नगर निवासी शिवांगी पांडेय का है। उन्होंने 25 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 मई की रात उनके रिश्तेदारी जाने के बाद चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब 10 हजार रुपये और कीमती गहने चुरा लिए। इसी तरह, लक्ष्मी एनक्लेव रॉयल सिटी निवासी राजू राय ने भी शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 मई को घर में ताला लगाकर वह अपने पैतृक गांव गए थे। 25 मई को लौटने पर घर के ताले टूटे और सारा सामान बिखरा पड़ा मिला। चोर यहाँ से कीमती गहने और 17 हजार रुपये चुरा ले गए थे।
पुलिस ने दोनों पीड़ितों की शिकायत दर्ज कर चोरों का पता लगाने के लिए 400 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान मूल रूप से बिहार प्रांत के वैशाली जिले के हाजीपुर थाना अंतर्गत चक सिकंदर और वर्तमान में गोमती नगर के कौशलपुरी छोटा भरवारा निवासी अमित कुमार रस्तोगी की पहचान हुई। पुलिस ने शनिवार तड़के बिजनौर स्थित छुआराखेड़ा मोड़ के पास से अमित रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथी नरसिंह गौतम (विभूति खंड के बाद भरवारा निवासी) के साथ मिलकर बंद पड़े मकानों की पहले रेकी करता था। बाद में जब उन्हें यकीन हो जाता कि घर में कोई मौजूद नहीं है, तब वे ताला तोड़कर घर में घुसते और नकदी, गहने व अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे।
चोरी का सामान राहगीरों को बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे।पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी अमित शातिर चोर है, उसके खिलाफ लखनऊ के कई थानों में चोरी, गैंगस्टर और अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने बरामद गहने व नगदी कब्जे में लेकर गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया है। जबकि उसके फरार साथी की तलाश कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
