सोशल मीडिया पर चुनौती देने वाली महिला आरोपी ज्योति चौधरी हरिद्वार से गिरफ्तार
इंस्टाग्राम गतिविधियों से पुलिस ने पकड़ा सुराग
मेरठ । मेरठ के सरधना क्षेत्र में पेटीएम कंपनी के टीम लीडर से हुई लूट के मामले में फरार चल रही महिला आरोपी ज्योति चौधरी को पुलिस ने हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर फिल्मी अंदाज में पुलिस को चुनौती देने वाली यह आरोपी लगातार इंस्टाग्राम पर सक्रिय थी, और इसी डिजिटल गतिविधि ने उसकी गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाई।
पुलिस के अनुसार, ज्योति चौधरी निवासी गांव छुछाई, थाना किठौर की शादी 23 जून को मोहित नागर से हुई थी। शादी के कुछ ही दिन बाद वह अपने पति के साथ हरिद्वार घूमने गई थी। इसी दौरान पुलिस ने तकनीकी निगरानी और सोशल मीडिया ट्रैकिंग के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस कर ली और शनिवार सुबह उसे हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी की पहले बुलंदशहर जिले के ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर जाट निवासी सुनील उर्फ नीतू से भी शादी हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार, वह रागनी कार्यक्रमों में नृत्य करती थी और महंगे शौक पूरे करने के लिए अपने वर्तमान पति के साथ मिलकर लूट और चोरी की वारदातों में शामिल हो गई।
लूटकांड में नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। इसी बीच आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कहा था—“शाका मारा जा सकता है, लेकिन पकड़ा नहीं जा सकता।” लेकिन उसकी यही सोशल मीडिया सक्रियता उसके खिलाफ सबूत बन गई और पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह मामला 12 जून की रात का है, जब मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर निवासी आकाश शर्मा, जो पेटीएम कंपनी में बड़ौत जोन के टीम लीडर हैं, बाइक से घर लौट रहे थे। सरधना क्षेत्र के रार्धना-पाली कांवड़ पटरी मार्ग स्थित पाली पुल के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोककर मारपीट की और उनकी बाइक तथा मोबाइल फोन लूट लिया था। पीड़ित के अनुसार, वारदात में एक युवती भी शामिल थी।
इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और लूटी गई बाइक, मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। अब महिला आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित अन्य वारदातों की जांच आगे बढ़ा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
