मोदी का वीडियो हटाने पर मेटा ने दी सफाई, तकनीकी गड़बड़ी बताकर मांगी माफी
सरकार ने मांगा स्पष्टीकरण
- पेपर लीक विवाद पर पीएम मोदी ने जेन-जी युवाओं को किया था संबोधित
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो को फेसबुक पर कुछ समय के लिए हटाए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। मेटा ने घटना पर माफी मांगते हुए इसे तकनीकी गड़बड़ी का परिणाम बताया है, लेकिन केंद्र सरकार ने इसे गंभीरता से लिया है। सूत्रों के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने मेटा और इंस्टाग्राम के वैश्विक प्रमुखों को तलब किया है।
28 जुलाई की तड़के भारतीय यूजर्स को प्रधानमंत्री का वीडियो खोलने पर संदेश दिखाई दिया कि कानूनी अनुरोध के कारण भारत में इसकी पहुंच सीमित कर दी गई है। इससे सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें शुरू हो गईं। बाद में मेटा ने स्पष्ट किया कि यह किसी कानूनी कार्रवाई का नतीजा नहीं था, बल्कि तकनीकी त्रुटि के कारण ऐसा हुआ और जल्द ही समस्या दूर कर दी गई।
वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक विवाद और इस मुद्दे पर प्रस्तावित केंद्रीय मंत्रिमंडल की कार्रवाई को लेकर खासकर जेन-जी युवाओं को संबोधित किया था। बताया गया कि इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को 24 घंटे के भीतर 30 करोड़ से अधिक बार देखा गया, जबकि फेसबुक पर कुछ समय के लिए इसकी पहुंच बाधित रही। अब सरकार पूरे घटनाक्रम की जांच कर मेटा से विस्तृत स्पष्टीकरण मांगने की तैयारी में है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
