सीजेपी के विरोध प्रदर्शन पर कंगना के तीखे बोल,पालन-पोषण और सोच पर उठाए सवाल
कंगना बोली ऐसा अटपटा और भद्दा व्यवहार पहले कभी नहीं देखा
- कंगना रनौत के बयान ने मचाई सियासी हलचल, कांग्रेस और AIMIM ने साधा निशाना
नई दिल्ली। अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत के एक बयान को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। कंगना ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन से जुड़े वायरल वीडियो और रील्स पर नाराजगी जताते हुए प्रदर्शनकारियों की भाषा और व्यवहार पर सवाल उठाए हैं।
कंगना ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट साझा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसा अटपटा और भद्दा व्यवहार पहले कभी नहीं देखा। उन्होंने प्रदर्शनकारियों की भाषा को असभ्य बताते हुए कहा कि भारत अपनी संस्कृति, विविधता और शालीनता के लिए जाना जाता है, लेकिन इस तरह का व्यवहार देश की छवि के अनुरूप नहीं है।
उन्होंने वायरल वीडियो में दिख रहे प्रदर्शनकारियों के व्यवहार पर टिप्पणी करते हुए उनके पालन-पोषण और सोच पर भी सवाल उठाए। कंगना ने कहा कि युवा पीढ़ी को यह समझना चाहिए कि स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी है।
कंगना के इस बयान के बाद विपक्षी दलों ने प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया है। कांग्रेस ने कहा कि कंगना के बयानों को लोग गंभीरता से नहीं लेते हैं। वहीं एआईएमआईएम नेता वारिस पठान ने कंगना से अपने बयान के लिए तुरंत माफी मांगने की मांग की है।
दरअसल, कंगना ने इंस्टाग्राम पर प्रदर्शन से जुड़े कुछ वीडियो और रील्स देखने के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा कि इन वीडियो को देखकर वह मानसिक रूप से परेशान हुईं और सोशल मीडिया से कुछ समय दूरी बनाने यानी डिजिटल डिटॉक्स की जरूरत महसूस कर रही हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
