ईसीएल की बड़ी कार्रवाई, अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर; 20 मकान ध्वस्त
श्रीपुर-सातग्राम में अवैध मकान ध्वस्त
- ईसीएल का दावा: प्रभावित परिवारों को 22 जुलाई 2026 को दी नोटिस
पश्चिम बर्दवान। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए मंगलवार को आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के श्रीपुर-सातग्राम एरिया स्थित गिरमिट 40 नंबर धावड़ा में बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान ईसीएल की जमीन पर बने लगभग 20 अवैध मकानों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।
ईसीएल अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित परिवारों को 22 जुलाई 2026 को ही नोटिस और लिफलेट देकर निर्धारित समय के भीतर कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था। नोटिस की समय-सीमा समाप्त होने के बाद मंगलवार को प्रशासन की मौजूदगी में कार्रवाई की गई।
ये खबर भी पढ़े : नीट पेपर लीक मामले पर सख्त रुख, शुभेंदु अधिकारी बोले- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहींअभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीआईएसएफ के जवानों के साथ आसनसोल उत्तर थाना की पुलिस बल तैनात रही। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरी कार्रवाई बिना किसी विरोध के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
कार्रवाई के समय ईसीएल के अधिकारी अपूर्व विश्वास, जयश्री यादव और संजय चटर्जी मौके पर मौजूद रहे। ईसीएल प्रबंधन ने बताया कि यह अभियान पूर्व में जारी नोटिस के अनुरूप चलाया गया और प्रशासन के सहयोग से सफलतापूर्वक पूरा किया गया। ईसीएल ने स्पष्ट किया है कि कंपनी की जमीन पर अवैध कब्जों को हटाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। श्रीपुर-सातग्राम में की गई कार्रवाई भी इसी अभियान का हिस्सा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
