मुख्यमंत्री 10 विशेष पुरस्कार के लिए पात्र ग्राम पंचायतें 15 से 30 सितम्बर तक करें आवेदन
प्रतापगढ़। जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकान्त दर्वे ने जनपद की समस्त इच्छुक एवं पात्र ग्राम पंचायतों से मुख्यमंत्री 10 विशेष पुरस्कार योजना में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि पंचायतीराज विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा पहली बार ग्राम पंचायतों में उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री 10 विशेष पुरस्कार’ प्रदान किए जाएंगे। प्रत्येक श्रेणी में चयनित ग्राम पंचायत को 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस पुरस्कार के लिए ग्राम पंचायतों का चयन उनके द्वारा किए गए उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर किया जाएगा। योजना के अन्तर्गत 10 श्रेणियों में ग्राम पंचायतें प्रतिभाग कर सकती हैं। इनमें घर-घर कचरा एकत्र करने वाली ग्राम पंचायत, तरल अपशिष्ट (लिक्विड वेस्ट) प्रबंधन करने वाली ग्राम पंचायत, स्वयं की आय (ओएसआर) सृजित करने वाली ग्राम पंचायत, प्लास्टिक मुक्त एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन करने वाली ग्राम पंचायत, कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से सार्वजनिक सेवाएं प्रदान करने वाली ग्राम पंचायत, पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन करने वाली ग्राम पंचायत, ‘मेरा तालाब मेरी योजना’ में श्रेष्ठ कार्य करने वाली ग्राम पंचायत, महिला नेतृत्व एवं सहभागिता में उत्कृष्ट ग्राम पंचायत, आधार केन्द्रों के माध्यम से सेवाएं प्रदान करने वाली ग्राम पंचायत तथा सर्वाधिक जैविक कृषि करने वाली ग्राम पंचायत शामिल हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि पुरस्कार के लिए पात्र ग्राम पंचायतें 15 सितम्बर से 30 सितम्बर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। इच्छुक ग्राम पंचायतें निर्धारित वेबसाइट https://mawards.upprd.in के माध्यम से आवेदन करें।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ब्रजेश त्रिपाठी को पत्रकारिता क्षेत्र में 35 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने समाचार लेखन और संपादन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के व्यूरो प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं।
