सीएम योगी आज करेंगे बशारतपुर मे कल्याण मंडपम का लोकार्पण
विधायक निधि से जीडीए ने कराया है कल्याण मंडपम का निर्माण,मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी नगर निगम की 140 और जीडीए की 30 विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे मुख्यमंत्री
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार (29 अगस्त) को बशारतपुर में गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा 3.10 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। कल्याण मंडपम का निर्माण मुख्यमंत्री की विधायक निधि से कराया गया है। इस अवसर पर वह मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी नगर निगम की 140 और जीडीए की कुल 30 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।
कल्याण मंडपम सहित नगर निगम और जीडीए की इन 170 परियोजनाओं की लागत 130.73 करोड़ रुपये है। कल्याण मंडपम परिसर में आयोजित समारोह के दौरान सीएम योगी नगर निगम की, 47.15 करोड़ की 109 विकास कार्यों का शिलान्यास और 69.99 करोड़ के 31 कार्यों का लोकार्पण करेंगे। जबकि कल्याण मंडपम सहित जीडीए की, 10.84 करोड़ रुपये के 15 विकास कार्यों का लोकार्पण और 2.75 करोड़ रुपये के 15 कार्यों का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री करेंगे।
महानगर के वार्ड नंबर 80, राप्ती नगर के अंतर्गत बशारतपुर कल्याण मंडपम का निर्माण 2593 वर्गमीटर भूमि पर 3.10 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है। आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक वास्तुकला से सुसज्जित कल्याण मंडपम दो तल में निर्मित है। भूतल पर 225 लोगों की क्षमता का हाल, किचन, स्टोर, ऑफिस, चेंज रूम और महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग टॉयलेट बनाए गए हैं। प्रथम तल पर एक हाल, अटैच्ड टॉयलेट और ड्रेसिंग रूम सहित छह कमरों का निर्माण कराया गया है। जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बताया कि परिसर में मुख्य भवन के सामने एक आकर्षक फव्वारा भी बनवाया गया है। कल्याण मंडपम आने वाले वाहनों के लिए परिसर के अंदर ही इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाकर अलग से पर्याप्त पार्किंग का प्रावधान किया गया है। परिसर में लॉन भी विकसित किया गया है और फूल पौधे लगाकर सजाया गया है। कल्याण मंडपम बनाने का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को विवाह, तिलक, मुंडन और अन्य सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए किफायती दरों पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
कल्याण मंडपम के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नगर निगम की जिन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, उनमें सड़क और नाली निर्माण से लेकर पार्कों का सुंदरीकरण, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति, सीवर और जलभराव से राहत के काम शामिल हैं। शिलान्यास की परियोजनाओं में 11.92 करोड़ रुपये से 41 सड़कों और नालियों का निर्माण, 7.60 करोड़ रुपये से 47 पार्कों का सुंदरीकरण, नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर में कर्मचारियों के लिए 5.07 करोड़ रुपये से आवासीय भवन का निर्माण, प्रकाश व्यवस्था मजबूत करने के लिए 5.57 करोड़ रुपये से 7 कार्य, पेयजल व जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए 16.99 करोड़ रुपये के 13 कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पित होने वाले नगर निगम के 31 कार्यों की लागत 69.99 करोड़ रुपये है। इसमें राज्य सेक्टर कार्यक्रम के तहत 39.90 करोड़ रुपये से विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन विस्तार, नलकूप स्थापना और इंडिया मार्क-टू हैंडपंपों की रीबोरिंग के 29 कार्य हैं। इसके साथ ही बाढ़ और जलभराव से राहत के लिए बाढ़ पंपिंग स्टेशनों की क्षमता वृद्धि एवं सुदृढ़ीकरण के लिए पूरी की गई 30.09 करोड़ रुपये की परियोजना का भी लोकार्पण होगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 33 वर्षों का अनुभव रखने वाले संजय श्रीवास्तव वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के गोरखपुर ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय और प्रशासनिक मुद्दों पर ज़मीनी रिपोर्टिंग के साथ वह निरंतर समाचार कवरेज करते हैं।
