गढ़िया रंगीन में नकली दूध का कथित धंधा बेनकाब, एक गिरफ्तार
संवाददाता/ धर्मेन्द्र श्रीवास्तव
गढ़िया रंगीन में खाद्य सुरक्षा विभाग-पुलिस की संयुक्त छापेमारी; घर से पामोलीन, सोयाबीन तेल, मिल्क पाउडर, कास्टिक और अज्ञात रसायन बरामद
जैतीपुर/शाहजहांपुर। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की सेहत का सबसे भरोसेमंद हिस्सा माने जाने वाले दूध में मिलावट का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के ग्राम कन्हानी नगला देहात माली में कथित तौर पर नकली और मिलावटी दूध तैयार करने के गोरखधंधे का पर्दाफाश हुआ है। खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक घर पर छापा मारकर ऐसी सामग्री बरामद की है, जिसे देखकर दूध की शुद्धता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
तेल से लेकर डिटर्जेंट और केमिकल तक बरामद
पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग और थाना गढ़िया रंगीन पुलिस की संयुक्त टीम ने मुन्नालाल पुत्र रामभरोसे के घर दबिश दी। तलाशी में रिफा पामोलीन तेल के पांच पैकेट, रिफा सोयाबीन तेल के पांच पैकेट, 13 खाली पैकेट, स्किम्ड मिल्क पाउडर, 25 किलो के चार खाली बोरे और व्हे परमीएट पाउडर का 25 किलो का खाली बोरा मिला। इसके साथ ही लॉन्ड्री डिटर्जेंट लिक्विड की दो 500 ग्राम बोतलें, करीब एक किलो कास्टिक और सफेद पीटीओ बोतल में करीब 600 एमएल अज्ञात रसायन भी बरामद किया गया।पुलिस का कहना है कि बरामद सामग्री का इस्तेमाल नकली एवं मिलावटी दूध तैयार करने में किया जाना पाया गया।
सफेद रंग देखकर असली दूध समझते रहे लोग?
इस कार्रवाई ने सबसे बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है—आखिर यह कथित नकली दूध तैयार होकर कहां पहुंच रहा था? क्या इसे गांव तक ही खपाया जाता था या आसपास के बाजारों में भी इसकी सप्लाई होती थी? कितने समय से यह कारोबार चल रहा था और इससे कितने लोग प्रभावित हुए, यह जांच के बाद ही साफ होगा। दूध में मिलावट का मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि इसका सीधा असर बच्चों, बुजुर्गों और रोजाना दूध का सेवन करने वाले परिवारों पर पड़ सकता है। ऐसे में बरामद सामग्री की जांच के साथ कथित सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल भी अहम हो जाती है।
मुन्नालाल गिरफ्तार, अब नेटवर्क की तलाश
पुलिस ने करीब 35 वर्षीय मुन्नालाल को 27 अगस्त को दोपहर करीब एक बजे उसके घर से गिरफ्तार किया। थाना गढ़िया रंगीन में मु0अ0सं0 99/26 दर्ज कर बीएनएस की धारा 223, 274, 275 और 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
आफ़वां खान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद के ब्यूरो प्रमुख हैं। इनकी पत्रकारिता के करीब हर बिन्दुओं पर गहरी पकड़ है।
