स्व0मान सिंह उर्फ बेचा की स्मृति में विशाल दंगल का आयोजन
फिरोजाबाद। कोटला रोड स्थित टापा खुर्द में रक्षाबंधन से पूर्व स्वर्गीय मान सिंह राठौर उर्फ बेचा की स्मृति में विशाल दंगल का आयोजन किया गया जिसमें उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से पहुंचे नामचीन पहलवानों ने अखाड़े में अपने दमदार दांव-पेच दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया मुकाबलों के दौरान अखाड़े के चारों ओर हजारों दर्शकों की भीड़ मौजूद रही आयोजित दंगल में 60 से अधिक कुश्तियां कराई गईं आयोजित दंगल में पहलवानों के बीच हुए एक के बाद एक मुकाबलों में दर्शकों को शानदार कुश्ती देखने को मिली। विजयी पहलवानों को आयोजकों की ओर से नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य पहलवानों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किये गये। दंगल में लाखों रुपये के पुरस्कार वितरित किये गये।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर कामिनी राठौर ने फीता काटकर किया। उसके बाद अखाड़े में कुश्तियों का सिलसिला शुरू हुआ। दंगल की अंतिम और सबसे आकर्षक कुश्ती ढाई लाख रुपये की करायी गयी, जिसमें रामेश्वर पहलवान और आर्यन पहलवान आमने-सामने रहे। दोनों के बीच हुए जोरदार मुकाबले ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी।
आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन भी मौजूद रहा। पुलिस की मौजूदगी में दंगल शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस मौके पर मोहित राठौर ने कहा कि उनके परिवार की ओर से वर्षों से चली आ रही कुश्ती और दंगल की परंपरा को आगे भी जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परंपरा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना परिवार का संकल्प है। क्षेत्रीय लोगों ने भी इस पहल का समर्थन करते हुए खुशी जताई।
पहलवानों के दमदार दांव-पेच, हजारों दर्शकों का उत्साह और लाखों रुपये के पुरस्कारों के चलते टापा खुर्द का यह दंगल क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रविंद्र वर्मा वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के फिरोज़ाबाद ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ के साथ वह समाचार कवरेज और रिपोर्टिंग का कार्य कर रहे हैं।
