डेढ़ लाख से अधिक के ब्याज के दबाव में रची हत्या की साजिश
पैसे देने के बहाने बुलाकर चारपाई पर उतारा मौत के घाट
कौशाम्बी। जिले के मंझनपुर थाना क्षेत्र के समदा अंतर्गत राम वनगमन मार्ग किनारे निर्माणाधीन मकान में हुई युवक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इलेक्ट्रानिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपित ने करीब 1.10 लाख रुपये के लेनदेन और बढ़ते ब्याज के दबाव से बचने के लिए युवक की हत्या की साजिश रची थी। घटना को भटकाने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से आरोपित ने घटनास्थल पर चूड़ियां तोड़कर फेंकने के साथ अन्य भ्रामक सामान भी रख दिया था।
पुलिस के मुताबिक, 25 अगस्त 2026 की सुबह करीब आठ बजे मंझनपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि समदा क्षेत्र में राम वनगमन मार्ग के किनारे स्थित एक निर्माणाधीन मकान में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति का शव चारपाई पर पड़ा मिला। मृतक की पहचान शकील हसन के रूप में हुई।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि शकील 24 अगस्त की रात करीब नौ बजे अपने भाई की दवा लेने के लिए मंझनपुर गया था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो फोन स्विच आफ मिला। इसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई।
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण सहित अन्य अधिकारियों ने मौके का स्थलीय निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। स्थानीय पुलिस ने पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराई। परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर मंझनपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने घटना के शीघ्र और सफल अनावरण के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गठित टीमों ने इलेक्ट्रानिक सर्विलांस, सीसीटीवी कैमरों के अवलोकन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान प्रकाश में आए आरोपित मोहम्मद कदीम पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी ग्राम समदा, थाना मंझनपुर को 28 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर भडेसर रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लोहे का चाकू, मृतक के सिर पर प्रहार में प्रयुक्त ईंट, टूटे हुए मोबाइल का पार्ट, पर्स और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने कथित तौर पर बताया कि उसका मृतक शकील अहमद उर्फ राशिद से पैसों का लेनदेन था। उसने करीब 1.10 लाख रुपये ब्याज पर उधार लिए थे। आरोप है कि इसके बदले मृतक उससे ब्याज सहित करीब 2.75 लाख रुपये की मांग कर रहा था। रुपये की व्यवस्था न हो पाने और लगातार दबाव बनाए जाने से परेशान होकर उसने हत्या की साजिश रच डाली।
पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त की रात करीब 10 बजे आरोपित ने मृतक को पैसे देने के बहाने घनश्यामपुर चौराहा और राम वनगमन मार्ग हाईवे के पास बुलाया। वहां से दोनों राम वनगमन मार्ग के नीचे स्थित निर्माणाधीन मकान में पहुंचे और चारपाई पर बैठ गए। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान मौका पाकर आरोपित ने शकील अहमद उर्फ राशिद की हत्या कर दी।
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने यह भी बताया कि हत्या के बाद उसने घटना को दूसरा रूप देने और जांच को भटकाने की कोशिश की। इसके लिए उसने चूड़ियां तोड़कर चारपाई पर डाल दीं। आरोपित के अनुसार, उसने मृतक की जेब में कंडोम और वियाग्रा की गोलियां रखीं तथा चारपाई के नीचे महिलाओं के कपड़े और चप्पल रख दी थी, ताकि घटना को भ्रामक दिशा दी जा सके।
पुलिस अब बरामद साक्ष्यों और आरोपित के बयान के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
