धोखाधड़ी से जमीन और पिकअप हड़पने का आरोप, पीड़िता ने डीएम-एसपी से लगाई न्याय की गुहार
मंदबुद्धि पति को बहला-फुसलाकर एक माह तक साथ रखने और जमीन का बैनामा कराने का आरोप, जान से मारने की धमकी मिलने की भी शिकायत
कौशाम्बी। जिले के मंझनपुर थाना क्षेत्र के भक्तन का पूरा गांव निवासी एक महिला ने कुछ लोगों पर उसके मंदबुद्धि पति को बहला-फुसलाकर अपने कब्जे में रखने और धोखाधड़ी से उसके नाम की जमीन व पिकअप गाड़ी अपने नाम कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और उसकी संपत्ति वापस दिलाने की मांग की है।
भक्तन का पूरा निवासी सीमा देवी पत्नी रामू सिंह ने अपने शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने उसके पति की मानसिक कमजोरी का फायदा उठाया। आरोप है कि उसके पति को बहला-फुसलाकर करीब एक माह तक अपने साथ रखा गया और इसी दौरान उनके नाम दर्ज जमीन तथा पिकअप गाड़ी संख्या यूपी-73 टी-2345 को फर्जी तरीके से अपने नाम करा लिया गया।
पीड़िता का आरोप है कि किसान सम्मान निधि दिलाने के नाम पर मौजा गौसपुर टिकरी स्थित उसके पति की कई गाटा नंबरों की जमीन का बैनामा करा लिया गया। शिकायत के अनुसार, जमीन के एवज में कोई वास्तविक भुगतान नहीं किया गया। दो लाख रुपये का चेक दिए जाने की बात कही गई, लेकिन उसमें अब तक केवल 20 हजार रुपये ही बैंक खाते में जमा कराए गए।
सीमा देवी ने आरोप लगाया कि जब उसने मामले का विरोध किया और कानूनी कार्रवाई शुरू की तो उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं। पीड़िता के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को मंझनपुर चौराहा स्थित कचहरी रोड पर एक आरोपित ने उससे कथित तौर पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया और ऐसा न करने पर उसके पति की हत्या कराने की धमकी दी।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि जिन लोगों के खिलाफ उसने शिकायत की है, उनका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और इस कारण उसका परिवार भय के साये में जी रहा है। उसने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उसके पति के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
पीड़िता ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए, शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और कथित रूप से हड़पी गई जमीन व पिकअप गाड़ी वापस दिलाई जाए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
