Activa 110 vs Destini Prime: कीमत से फीचर्स तक, कौन पड़ता है भारी?
होंडा एक्टिवा 110 बनाम हीरो डेस्टिनी प्राइम: भारतीय बाजार में 110cc स्कूटर सेगमेंट में होंडा एक्टिवा 110 की लंबे समय से मजबूत पकड़ रही है। हालांकि, अब इस सेगमेंट में कई ऐसे विकल्प मौजूद हैं जो एक्टिवा को सीधी चुनौती दे रहे हैं। इनमें Hero Destini Prime भी शामिल है। कम कीमत और उपयोगी फीचर्स के साथ डेस्टिनी प्राइम एक्टिवा 110 के सामने एक मजबूत विकल्प बनकर उभरता है। ऐसे में आइए जानते हैं दोनों स्कूटरों में क्या अंतर है।
कीमत में Destini Prime को बढ़त
कीमत की बात करें तो हीरो डेस्टिनी प्राइम शुरुआत में ही होंडा एक्टिवा 110 पर बढ़त बना लेता है। डेस्टिनी प्राइम के स्टैंडर्ड वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 74,710 रुपये है, जबकि एक्टिवा 110 के बेस स्टैंडर्ड वेरिएंट की कीमत 76,083 रुपये से शुरू होती है। यानी दोनों के बीच करीब 1,400 रुपये का अंतर है।
अगर एक्टिवा के ऊंचे वेरिएंट्स की बात करें तो इसका DLX वेरिएंट 86,611 रुपये, जबकि टॉप-स्पेक Smart वेरिएंट की कीमत 91,082 रुपये एक्स-शोरूम है। इस लिहाज से डेस्टिनी प्राइम कम बजट में उपलब्ध होने के कारण उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकता है जो कम कीमत में व्यावहारिक स्कूटर चाहते हैं।
रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए उपयोगी फीचर्स
हीरो डेस्टिनी प्राइम में सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल, बूट लैंप, एक्सटर्नल फ्यूल फिलर कैप और Hero की i3S (Idle Start-Stop System) तकनीक जैसे फीचर्स मिलते हैं। ये सुविधाएं रोजाना की राइडिंग को आसान और सुविधाजनक बनाने में मदद करती हैं।
वहीं Honda Activa 110 के टॉप Smart वेरिएंट में ज्यादा आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं। इसमें कीलेस इग्निशन के साथ ब्लूटूथ कनेक्टिविटी वाला ऑप्शनल TFT डिस्प्ले मिलता है। हालांकि, इन आधुनिक फीचर्स का फायदा लेने के लिए ग्राहकों को एक्टिवा का महंगा वेरिएंट खरीदना पड़ता है।
किसके लिए कौन सा स्कूटर?
अगर प्राथमिकता कम कीमत और रोजमर्रा के उपयोगी फीचर्स हैं, तो हीरो डेस्टिनी प्राइम एक किफायती विकल्प साबित हो सकता है। वहीं, अगर आप आधुनिक टेक्नोलॉजी, कीलेस इग्निशन और कनेक्टेड फीचर्स चाहते हैं और इसके लिए ज्यादा कीमत देने को तैयार हैं, तो Honda Activa 110 का टॉप वेरिएंट ज्यादा सुविधाएं देता है।
कुल मिलाकर, दोनों स्कूटरों की अपनी-अपनी खूबियां हैं। डेस्टिनी प्राइम कीमत के मामले में मजबूत स्थिति में है, जबकि एक्टिवा 110 के महंगे वेरिएंट ज्यादा आधुनिक फीचर्स उपलब्ध कराते हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब 03 वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट एडिटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
