पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, हमलावरों की तलाश तेज
तमकुहीराज। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के बभनौली के समीप शुक्रवार की रात सेवरही क्षेत्र के धुरिया हाता गांव निवासी रोहित खरवार (22) की चाकू से गाेदकर हत्या कर दी गई।
दो बाइक पर सवार चार बदमाशों के हमले में रोहित का दोस्त नीरज पटेल (21) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
वारदात के बाद बदमाश भाग गए। जानकारी पर पहुंचे परिजन और गांव के लोगों ने हंगामा किया। एएसपी के कार्रवाई के आश्वासन पर लोग माने और करीब एक घंटे बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
सेवरही थाना क्षेत्र के धुरिया हाता गांव निवासी सुरेंद्र खरवार का बेटा रोहित अपने दोस्त तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के सपही टड़वा निवासी नीरज पटेल के साथ शुक्रवार की शाम बभनौली बाजार गया था।
बाजार में खरीदारी के बाद दोनों युवक तुर्कपट्टी क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल डलवाने जा रहे थे। इसी दौरान तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के बभनौली स्थित एक निजी स्कूल के समीप बदमाशों ने दोनों को रोका।
बाइक रुकते ही बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। रोहित और नीरज के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर भाग गए।
एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दो बाइक पर सवार चार युवकों ने पुरानी रंजिश में चाकू मारकर रोहित की हत्या की है।
तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कुछ देर लोगों ने शव तमकुहीराज सीएचसी पर रोका था। उनको समझाया गया। आरोपियों की तलाश में पांच टीमें लगाई गई हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
