महिला को 1.38 लाख में बेचकर कराया जबरन विवाह, आराेपित गिरफ्तार
बांदा। उत्तर प्रदेश के जनपद चित्रकूट की रहने वाली एक महिला को परिजनों ने कथित रूप से 1.38 लाख में बेचकर हरियाणा निवासी व्यक्ति से जबरन विवाह कराने के मामले में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने मध्यस्थ को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित महिला पहले से शादीशुदा थी। मामले में पूर्व में तीन आरोपिताें को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
एएचटीयू थाना प्रभारी अनिल कुमार ने शुक्रवार को बताया कि पीड़ित ने 22 नवंबर 2025 को एएचटीयू बांदा में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि 20 नवंबर को उसकी मां मुन्नी और भाई जयनारायण उसे बांदा लाए और हरियाणा के कृष्ण कुमार के हाथ 1.38 लाख में बेच दिया।
इसके बाद उसकी जबरन शादी करा दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पीड़ित के बयान, भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपिताें की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 18 सितंबर को सूचना पर एएचटीयू पुलिस ने मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले बबेरू थाना क्षेत्र के साेनहुली निवासी प्रेमचन्दर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में प्रेमचन्दर के अलावा चित्रकूट निवासी जगनारायण उर्फ जयनारायण, हरियाणा का कृष्ण कुमार और बलराम को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस मानव तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियों की गहनता से जांच कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
