स्वाइन फ्लू से बचाव को मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य कमिर्यो का टीकाकरण
बदायूं। मौसम में बदलाव के साथ स्वाइन फ्लू एवं अन्य श्वसन संबंधी संक्रमणों से बचाव को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत आकस्मिक विभाग, टीबी एंड चेस्ट मेडिसिन, बाल रोग एवं माइक्रोबायोलॉजी विभाग में कार्यरत चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को स्वाइन फ्लू से बचाव की वैक्सीन लगाई गई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार आकस्मिक एवं टीबी एंड चेस्ट विभाग के चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीजों के सीधे संपर्क में रहते हैं। ऐसे में संक्रमण से बचाव और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए टीकाकरण कराया गया।
प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा अस्पताल प्रशासन की प्राथमिकता है। मरीजों के उपचार के दौरान चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के विभिन्न संक्रमणों के संपर्क में आने की संभावना रहती है, इसलिए समय-समय पर आवश्यक टीकाकरण एवं बचाव के उपाय महत्वपूर्ण हैं।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रितुज अग्रवाल ने बताया कि आकस्मिक एवं टीबी एंड चेस्ट विभाग के स्वास्थ्यकर्मी सीधे मरीजों के संपर्क में रहते हैं, इसलिए संक्रमण से बचाव के लिए उन्हें वैक्सीन लगाई गई। उन्होंने कहा कि मरीजों को सुरक्षित एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक बचाव उपाय भी निरंतर जारी रहेंगे। विभागीय चिकित्सकों ने स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण, मास्क का प्रयोग, हाथों की स्वच्छता और संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने पर सावधानी बरतने की अपील की। फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की भी सलाह दी गई।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
