डीजीपी राजीव कृष्ण के नेतृत्व में यूपी पुलिस ने एक दिन में 10 लाख पौधारोपण कर रचा कीर्तिमान
पुलिस मुख्यालय में डीजीपी ने किया पौधारोपण, सीएम योगी के 35 करोड़ पौधारोपण महाअभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर में चला विशेष अभियान
पौधों के संरक्षण का भी दिलाया संकल्प
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक पहल करते हुए एक ही दिन में 10 लाख पौधारोपण का लक्ष्य पूरा कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस अभियान के अंतर्गत पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने पुलिस मुख्यालय, गोमतीनगर विस्तार, लखनऊ में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 12 जुलाई 2026 को एक ही दिन 35 करोड़ पौधारोपण का महाअभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस ने भी पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के इस महायज्ञ में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अपील की कि वे कम से कम एक पौधा अपनी माँ के नाम अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी भी निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस मुख्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, पुलिस महानिदेशक रेलवे, पुलिस महानिदेशक आर्थिक अपराध शाखा, अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था, अपर पुलिस महानिदेशक लॉजिस्टिक, अपर पुलिस महानिदेशक मानवाधिकार, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध/यातायात, अपर पुलिस महानिदेशक फायर सर्विस, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन/कार्मिक सहित पुलिस मुख्यालय के अनेक वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस अवसर पर संदेश दिया कि वृक्षारोपण केवल एक दिवस का अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक की जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। विभाग ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण और जन-जागरूकता के लिए ऐसे अभियान निरंतर चलाने का संकल्प दोहराया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
