केजीएमयू का 22वां दीक्षांत समारोह 13 को
— कुल 1701 विद्यार्थियों को उपाधियां की जाएंगी प्रदान
— 20 मेधावी छात्र-छात्राओं को मिलेगा स्वर्ण पदक
लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय ,केजीएमयू का 22वां दीक्षांत समारोह 13 जुलाई को अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी, जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में दीक्षांत भाषण देंगे। उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री बृजेश पाठक, राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह सहित कई विशिष्ट अतिथि भी समारोह में शामिल होंगे। यह जानकारी शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने दी।कुलपति ने बताया कि इस वर्ष कुल 1701 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएगी , जिनमें 975 पुरुष और 726 महिला छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
इनमें केजीएमयू परिसर के 515 तथा संबद्ध 11 मेडिकल और 7 नर्सिंग कॉलेजों के 1186 विद्यार्थियों को डिग्रियां दी जाएंगी। इस अवसर पर 20 मेधावी छात्र-छात्राओं को विभिन्न स्वर्ण पदक और पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। दीक्षांत समारोह में नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य नीति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद डी.एससी. की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। इस बार एमबीबीएस की छात्रा दीप्ति शर्मा समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण रहेंगी। उन्हें विश्वविद्यालय के दो सर्वोच्च सम्मान ह्यूएट गोल्ड मेडल और चांसलर गोल्ड मेडल सहित कुल 16 पदक एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा एमबीबीएस, बीडीएस, डीएम, एमसीएच, नर्सिंग और अन्य पाठ्यक्रमों के मेधावी विद्यार्थियों को भी स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया जाएगा।
ये खबर भी पढ़े : पश्चिमी यूपी में बारिश का रौद्र रूप: कई जिलों में जलभराव, सड़कें बंद, स्कूलों में छुट्टीवार्ता में कुलपति ने बताया कि समारोह के दौरान कई नई स्वास्थ्य सेवाओं और जनहितकारी पहलों का भी शुभारंभ होगा। ट्रॉमा सेंटर में मोबाइल सीटी स्कैन सेवा शुरू की जाएगी, जिससे गंभीर सिर की चोट वाले मरीजों की बेडसाइड जांच संभव होगी। इसके साथ ही प्रत्येक छात्र को जीवन रक्षक कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से ‘हृदय संजीवनी’ बेसिक लाइफ सपोर्ट कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी, जिसे आगे चलकर प्रदेश के सभी 75 जिलों तक विस्तारित करने की योजना है। विश्वविद्यालय के नए केंद्रीय सूचना केंद्र का उद्घाटन, पुस्तक विमोचन तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
