12 जुलाई को कौशाम्बी में लगेंगे 39.81 लाख पौधे, मंडलायुक्त ने तैयारियों की समीक्षा
बड़ी साइटों पर अधिकारियों की मौजूदगी में होगा पौधारोपण, संरक्षण के लिए ट्री गार्ड लगाने के निर्देश
कौशाम्बी। प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत 12 जुलाई को होने वाले पौधारोपण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को उदयन सभागार में मंडलायुक्त प्रयागराज एवं नोडल अधिकारी सौम्या अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को आवंटित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत पौधारोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।
बैठक में मंडलायुक्त ने प्रभागीय वनाधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, जिला पंचायतराज अधिकारी समेत अन्य विभागीय अधिकारियों से पौधारोपण की तैयारियों की विभागवार जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर बड़े स्तर पर पौधारोपण होना है, वहां संबंधित अधिकारी स्वयं मौजूद रहकर कार्यक्रम संपन्न कराएं। साथ ही अन्य स्थलों का भी नियमित निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जाएं।
ये खबर भी पढ़े : थाना महुली पर नवनियुक्त रिक्रूट आरक्षियों को अपराध रजिस्टर के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गयीमंडलायुक्त ने कहा कि पौधारोपण केवल औपचारिकता न रह जाए, इसके लिए लगाए गए पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाने सहित अन्य सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े इस महत्वपूर्ण अभियान को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ सफल बनाया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने बताया कि जनपद कौशाम्बी में 12 जुलाई को 39 लाख 81 हजार 200 पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें सबसे अधिक 24 लाख पौधारोपण का लक्ष्य वन विभाग को दिया गया है। इसके अलावा ग्राम विकास विभाग को 7,73,600, कृषि विभाग को 2,44,000, उद्यान विभाग को 1,11,000, पर्यावरण विभाग को 99,000, पंचायती राज विभाग को 91,000 तथा राजस्व विभाग को 74,000 पौधे लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी प्रकार नगर विकास विभाग को 23,200, पशुपालन एवं स्वास्थ्य विभाग को 19-19 हजार, उच्च शिक्षा विभाग को 18,300, सिंचाई एवं जल संसाधन तथा रेलवे को 15-15 हजार, लोक निर्माण विभाग को 14,100, उद्योग विभाग को 11,300, बेसिक शिक्षा एवं गृह विभाग को 9-9 हजार, माध्यमिक शिक्षा विभाग को 8,700, नमामि गंगे को 7,300, प्राविधिक शिक्षा विभाग को 5,000, सहकारिता एवं ऊर्जा विभाग को 4,900-4,900, श्रम विभाग को 2,800 तथा परिवहन विभाग को 2,100 पौधारोपण का लक्ष्य आवंटित किया गया है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी शालिनी प्रभाकर, प्रभागीय वनाधिकारी अजय कुमार पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
