बेकाबू डम्पर ने बिजली के चार खम्भों को तोड़ा,12 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित
लखनऊ। रहीमाबाद थाना क्षेत्र के उतरेहटा गांव के पास शनिवार देर रात करीब 2 बजे खनन कार्य में लगे एक तेज रफ्तार डंपर ने बिजली के चार पोलों को टक्कर मार दी। इस हादसे में पोल टूटकर सड़क पर गिर गए, जिससे क्षेत्र के सौ से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। लगभग 12 घंटे तक बिजली गुल रहने से स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रविवार सुबह तक टूटे हुए बिजली के पोल और तार सड़क पर पड़े रहे, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहा। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन और खनन कार्य में लगे लोगों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तेज रफ्तार डंपरों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है और टूटे तारों से किसी की जान भी जा सकती थी।
ये खबर भी पढ़े : ग्राम प्रधान के बेटे से मारपीट का मामलाः घटना कैमरे में कैद, डीआईजी ,एसपी से न्याय की गुहारसूचना मिलने पर विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। विभाग ने दोपहर तक खनन कार्य करा रहे लोगों से टूटे पोलों की लागत जमा कराकर नए पोल लगवाए। इसके बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी। गहदो क्षेत्र के जेई राजकुमार ने बताया कि सुबह घटना की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी।
उन्होंने पुष्टि की कि चार बिजली के पोल पूरी तरह से टूट गए थे। जेई ने यह भी बताया कि पोल तोड़ने वाले पक्ष से ही नए पोल लगवाकर बिजली आपूर्ति फिर से शुरू की गई है। रविवार दोपहर बाद रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक ने जानकारी दी कि खनन में लगे डंपरों से हुई इस घटना की सूचना खनन इंस्पेक्टर को दे दी गई है। इसके अतिरिक्त, मामले की विस्तृत रिपोर्ट के लिए हल्का लेखपाल से भी रिपोर्ट मांगी गई है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
