आजाद पार्क में लगाए गए 100 से अधिक पौधे, प्रभारी मंत्री ने किया पौधारोपण
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित का दिया संदेश
- प्रभारी मंत्री ने नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील
लखनऊ। मंगलवार राजीव गांधी प्रथम वार्ड के विनीत खण्ड-6 स्थित आजाद पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य,लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना व महापौर सुषमा खर्कवाल ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तर प्रदेश का संदेश दिया।
अभियान के दौरान पार्क परिसर में आंवला, बॉटल ब्रश, गुड़हल, चांदनी एवं गुलचीन सहित विभिन्न प्रजातियों के 100 पौधे लगाए गए। प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने पौधारोपण कर नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
मंत्री सुरेश खन्ना जी ने कहा कि 12 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में "एक पेड़ मां के नाम" महाभियान के अंतर्गत आयोजित 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026' ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचा है। उन्होंने इस प्रेरणादायी पहल के लिए मुख्यमंत्री जी को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश में 35 करोड़ 27 लाख से अधिक पौधे रोपित किए जाने का ऐतिहासिक लक्ष्य जनसहभागिता के बल पर सफलतापूर्वक प्राप्त किया गया है।
उन्होंने कहा सीएम की प्रेरणा से लखनऊ नगर निगम भी इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ा रहा है। मंगलवार को विनीत खण्ड-6 स्थित आजाद पार्क में पौधारोपण किया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व की भांति लखनऊ नगर निगम प्रत्येक मंगलवार को शहर के एक पार्क में पौधारोपण अभियान चलाएगा, ताकि शहर की हरियाली निरंतर बढ़े और अधिक से अधिक नागरिक इस अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया। महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। नगर निगम निरंतर शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए कार्य कर रहा है और जनसहभागिता के माध्यम से इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लें।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
